दिल्ली IGI एयरपोर्ट पर बड़ी कार्रवाई, 48 घंटे में 30 किलो से हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (11 September 2026): नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर कस्टम्स विभाग ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर 30.3 किलोग्राम से अधिक हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। इस मामले में दो अलग-अलग कार्रवाई के दौरान कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है। कस्टम्स विभाग अब इस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रहा है।
पहली कार्रवाई 9 सितंबर को खुफिया सूचना के आधार पर की गई। कस्टम्स अधिकारियों ने एअर इंडिया की उड़ान एआई-2333 से बैंकाक से दिल्ली पहुंचे दो यात्रियों के सामान पर निगरानी रखी। इसी दौरान बैगेज बेल्ट के पास अधिकारियों ने देखा कि काठमांडू से पहुंचे दो अन्य यात्री इनका सामान लेने का प्रयास कर रहे हैं। दोनों को ग्रीन चैनल से बाहर निकलते समय पकड़ लिया गया, जिसके बाद बैंकाक से आए दोनों यात्रियों को भी रोककर पूछताछ की गई और चारों के सामान की जांच शुरू की गई।
चारों यात्रियों के बैग की एक्स-रे जांच में संदिग्ध वस्तुएं दिखाई देने के बाद कस्टम्स अधिकारियों ने विस्तृत तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैगों से हरे रंग का मादक पदार्थ बरामद हुआ, जिसका पैकिंग समेत कुल वजन 27.45 किलोग्राम पाया गया। जांच में बरामद मादक पदार्थ को हाइड्रोपोनिक गांजा बताया गया। इसके बाद चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
वहीं, दूसरी कार्रवाई सात सितंबर को प्रोफाइलिंग के आधार पर की गई, जब फुकेट से बैंकाक के रास्ते दिल्ली पहुंचे एक भारतीय यात्री को ग्रीन चैनल पर रोका गया। उसके ट्रैवल बैग की तलाशी लेने पर छह पॉलीथिन पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 2.857 किलोग्राम गांजा मिला। दोनों मामलों को मिलाकर कस्टम्स विभाग ने 30.3 किलोग्राम से अधिक हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया है और पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।