‘लव लॉटरी’ का ट्रेलर लॉन्च, आधुनिक रिश्तों की उलझन और कानूनी लड़ाई के बीच सस्पेंस का तड़का
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (9 सितंबर 2026): आगामी हिंदी फिल्म ‘लव लॉटरी’ का ट्रेलर राजधानी दिल्ली में आयोजित एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लॉन्च किया गया। इस मौके पर फिल्म के प्रमुख कलाकार अक्षय ओबेरॉय, विजयंत कोहली और अग्नि अग्यारी, निर्देशक अरविंद पांडे तथा निर्माता कुलदीप भार्गव ‘तुषार’ मौजूद रहे। ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में ऐसे परिवारों को भी आमंत्रित किया गया, जिन्होंने अपने अनुभवों के आधार पर महिला-केंद्रित कानूनों के कथित दुरुपयोग से प्रभावित होने की बात कही।
सिनेमा गंज फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘लव लॉटरी’ प्यार, शादी, रिश्तों में बढ़ती दूरी, धोखे और पुरुष अधिकारों से जुड़े सवालों को सस्पेंस और सामाजिक सरोकारों के साथ पर्दे पर पेश करने का प्रयास करती है।
2 मिनट 10 सेकंड के ट्रेलर में रिश्तों के कई रंग
फिल्म का 2 मिनट 10 सेकंड लंबा ट्रेलर शुरुआत से ही दर्शकों के सामने कई सवाल खड़े करता है। ट्रेलर में आधुनिक रिश्तों की चमक के पीछे छिपे बनावटीपन, प्यार में धोखे और रिश्तों के खोखलेपन को उभारने की कोशिश की गई है। कहानी में प्यार और आपसी रिश्तों के बीच बढ़ते तनाव के साथ शादी, तलाक, धोखा और पैसों के लिए शादी जैसे पहलुओं को भी शामिल किया गया है।
ट्रेलर में कुछ संवाद भी संवेदनशील और तीखे नजर आते हैं। इनमें एक संवाद—“एक औरत सिर्फ़ दो लोगों की सगी हो सकती है, एक अपनी औलाद की और एक खुद की”—रिश्तों और व्यक्तिगत अधिकारों को लेकर फिल्म के नजरिए की झलक देता है।
अक्षय ओबेरॉय के किरदार के इर्द-गिर्द कहानी
फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे अक्षय ओबेरॉय के किरदार के माध्यम से रिश्तों, विश्वास और पुरुष अधिकारों से जुड़े सवालों को कहानी का हिस्सा बनाया गया है। वहीं हेली दारूवाला सहित अन्य कलाकारों के किरदार कहानी में अलग-अलग परतें जोड़ते नजर आते हैं।
ट्रेलर दर्शकों के सामने कई सवाल छोड़ता है—रिश्तों में आखिर सच क्या है? धोखा किसने दिया? किसका पक्ष सही है? और इस ‘लव लॉटरी’ के पीछे छिपा असली खेल क्या है?
निर्देशक अरविंद पांडे ने कही ये बात
निर्देशक अरविंद पांडे ने कहा, “लव लॉटरी सिर्फ रिश्तों की कहानी नहीं है, बल्कि उन सवालों को सामने रखने की कोशिश है जिनसे आज के समय में कई लोग जूझ रहे हैं। हमने कहानी में सस्पेंस और इमोशन के साथ रिश्तों और कानूनी विवादों के अलग-अलग पहलुओं को दिखाने की कोशिश की है।”
वहीं निर्माता कुलदीप भार्गव ‘तुषार’ ने कहा कि फिल्म रिश्तों की जटिलता, कानूनी विवाद, भावनात्मक टकराव और पुरुष अधिकारों से जुड़े सवालों को सस्पेंस के साथ सामने लाती है। उन्होंने कहा कि फिल्म मनोरंजन के साथ यह सवाल भी उठाती है कि असली कहानी क्या है, कौन सही है और कौन गलत—इन सवालों के जवाब फिल्म देखने के बाद ही सामने आएंगे।
स्टारकास्ट और तकनीकी टीम
‘लव लॉटरी’ का निर्माण कुलदीप भार्गव ‘तुषार’ ने सिनेमा गंज फिल्म्स के बैनर तले किया है, जबकि फिल्म का निर्देशन अरविंद पांडे ने किया है। फिल्म की कहानी और पटकथा अंकुर खत्री ने लिखी है।
फिल्म में अक्षय ओबेरॉय और हेली दारूवाला मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा कबीर दुहान सिंह, विजयंत कोहली, हेमंत पांडे, इंदिरा कृष्णन, संतोष शुक्ला, विक्रम शर्मा, अग्नि अग्यारी, कुमार सौरभ, अश्वंत लोधी और अर्शदीप संधू महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म की सिनेमैटोग्राफी नवीन वी. मिश्रा ने की है। संगीत वरुण मिश्रा और अरविंद पांडे ने दिया है, जबकि संपादन प्रकाश झा ने किया है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।