Delhi SIR: ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के बाद 3 दिन में 5.40 लाख दावे-आपत्तियां

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (04 September 2026): दिल्ली में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद दावे और आपत्तियां दाखिल करने की प्रक्रिया ने तेजी पकड़ ली है। 31 अगस्त को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित होने के बाद महज तीन दिनों में 5.40 लाख से अधिक दावे, आपत्तियां और आवेदन प्राप्त हुए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, दिल्ली के आंकड़ों के अनुसार, 2 सितंबर तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 के तहत 2,21,806 आवेदन मिले हैं।

मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन सामने आए हैं। फॉर्म-7 के तहत 51,556 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि मतदाता सूची में किसी तरह के सुधार या संशोधन के लिए फॉर्म-S के जरिए 2,65,396 आवेदन आए हैं। इसके अलावा विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के लिए फॉर्म-6A के तहत 1,372 आवेदन प्राप्त हुए हैं। ये आंकड़े बताते हैं कि ड्राफ्ट सूची सामने आने के बाद मतदाताओं के बीच अपने नाम और विवरण को लेकर व्यापक स्तर पर प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

जिलेवार आंकड़ों की बात करें तो नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 के सबसे ज्यादा आवेदन साउथ वेस्ट जिले से आए हैं, जहां 25,332 आवेदन दर्ज किए गए। इसके बाद साउथ-ईस्ट जिले से 25,795 और साउथ जिले से 22,522 आवेदन प्राप्त होने की जानकारी दी गई है। वहीं नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के सबसे ज्यादा 11,626 आवेदन साउथ-ईस्ट जिले में मिले हैं। मतदाता सूची में सुधार के लिए फॉर्म-S के जरिए सबसे अधिक 33,275 आवेदन ईस्ट जिले से प्राप्त हुए हैं।

SIR प्रक्रिया के तहत दावे और आपत्तियां दाखिल करने के लिए 31 अगस्त से 30 सितंबर तक का समय निर्धारित किया गया है। इसी बीच दिल्ली की कुछ विधानसभा सीटों में ड्राफ्ट सूची से बाहर हुए नामों की संख्या को लेकर भी चर्चा तेज है। रिपोर्ट के अनुसार, तुगलकाबाद विधानसभा क्षेत्र में 1,92,419 मतदाताओं में से 1,00,345 नाम ड्राफ्ट रोल में शामिल हैं, जबकि 92,074 नाम सूची में नहीं हैं। इसी तरह ओखला विधानसभा क्षेत्र में 3,62,813 मतदाताओं में से 1,96,362 नाम ड्राफ्ट सूची में दर्ज हैं और 1,64,451 नाम सूची में नहीं हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।