“दिल्ली रेप कैपिटल बन चुकी है”: महिला सुरक्षा को लेकर दिल्ली महिला कांग्रेस का भाजपा पर तीखा हमला

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, 1 सितंबर 2026: राजधानी दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस ने भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला। प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पुष्पा सिंह ने कहा कि चलती बस में 16 वर्षीय किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म की घटना ने निर्भया कांड की भयावह यादें ताजा कर दी हैं और आज दिल्ली “रेप कैपिटल” बन चुकी है।

पुष्पा सिंह ने कहा कि केंद्र और दिल्ली की भाजपा सरकार ने महिला सुरक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे किए, लेकिन राजधानी में बलात्कार, छेड़छाड़, हिंसा, अपहरण और अन्य अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाएं आज खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं।

फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग

कांग्रेस ने मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए और जल्द सख्त सजा सुनिश्चित की जाए। साथ ही दिल्ली सरकार और पुलिस से महिला सुरक्षा के लिए स्पष्ट जवाबदेही और समयबद्ध कार्ययोजना लागू करने की मांग की गई।

मुख्यमंत्री की चुप्पी पर उठाए सवाल

प्रेस वार्ता में निगम में कांग्रेस दल की नेता नाजिया दानिश ने आरोप लगाया कि 4 अगस्त की घटना 30 अगस्त को सामने आने से मामले को दबाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि राजधानी में लगातार हो रही यौन उत्पीड़न की घटनाओं पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की चुप्पी सवाल खड़े करती है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “बेटी बचाओ” जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में कमी आने के बजाय बढ़ोतरी देखने को मिली है।

सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस महासचिव नीतू वर्मा ने कहा कि चलती बस में घंटों तक कथित यौन उत्पीड़न होना कानून व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा केवल भाषणों और विज्ञापनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि बसों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

निर्भया कानून के पालन की मांग

पुष्पा सिंह ने कहा कि कांग्रेस भाजपा की “ट्रिपल इंजन सरकार” और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से महिलाओं की सुरक्षा पर जवाबदेही तय करने की मांग करती है। उन्होंने कहा कि निर्भया कानून 2013 के तहत निर्धारित सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाना चाहिए।

प्रेस वार्ता में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की दिल्ली प्रभारी नीता सेहरावत भी मौजूद रहीं। महिला कांग्रेस ने कहा कि राजधानी में महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार को ठोस और प्रभावी कदम उठाने होंगे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।