जमीन-संपत्ति के 5 साल पुराने मामलों में अब नहीं चलेगी देरी, सीएम योगी ने दिए निर्देश

टेन न्यूज नेटवर्क

Lucknow News (30/08/2026): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को शासन और जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की। बैठक में राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों, जनशिकायतों, कानून-व्यवस्था और आगामी त्योहारों की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच साल से अधिक समय से लंबित राजस्व मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। जमीन, संपत्ति और लोगों के अधिकारों से जुड़े मामलों में लगातार तारीख मिलने की व्यवस्था खत्म होनी चाहिए। उन्होंने धारा 33 के तहत आने वाले अविवादित वरासत मामलों को मिशन मोड में पूरा करने पर भी जोर दिया।

जनता दर्शन और आईजीआरएस के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों के निस्तारण को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान सिर्फ रिपोर्ट तैयार करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता की वास्तविक समस्या का समाधान होना जरूरी है। गलत या असंतोषजनक निस्तारण मिलने पर दोबारा जांच कराने और संबंधित जिलों से पांच दिन के भीतर जवाब लेने को कहा गया।

बैठक में प्रदेश की कानून-व्यवस्था और अपराध की स्थिति की भी समीक्षा हुई। मुख्यमंत्री ने महिला और बाल अपराधों में तेजी से कार्रवाई करने के साथ संवेदनशील रवैया अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जोन और रेंज स्तर पर हर सप्ताह अपराध की समीक्षा करने तथा माफिया और संगठित अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने को कहा। अधिकारियों के अनुसार 13 जुलाई से 23 अगस्त के बीच गंभीर अपराधों में 5.1 प्रतिशत और महिलाओं के खिलाफ अपराधों में 3.9 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।

आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी समेत अन्य पर्वों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी ली। मथुरा-वृंदावन के लिए विस्तृत क्राउड कंट्रोल प्लान बनाने और बांके बिहारी मंदिर के लिए अलग सुरक्षा एवं व्यवस्था योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हाईटेंशन तारों और नदियों के बढ़े जलस्तर को देखते हुए अतिरिक्त सावधानी बरतने तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने गो-तस्करी, धर्मांतरण, धार्मिक स्थलों से जुड़े विवाद और अन्य संवेदनशील घटनाओं पर पुलिस-प्रशासन को चौबीसों घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए। वहीं चित्रकूट, फर्रुखाबाद, अयोध्या, आजमगढ़ और बाराबंकी में बाढ़ राहत कार्यों की भी समीक्षा की गई। राहत शिविरों में बेहतर भोजन व्यवस्था और अस्पतालों में एंटी-वेनम व एंटी-रेबीज दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।