New Delhi News (30 August 2026): दिल्ली में लंबे समय से इंतजार किए जा रहे बारापुला एलिवेटेड रोड फेज-3 को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दिल्ली सरकार के मुताबिक, इस महत्वपूर्ण परियोजना को 17 सितंबर 2026 से जनता के लिए खोल दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मौके पर राजधानी की कई अन्य विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर दिल्ली में 17 सितंबर से ‘सेवा पखवाड़ा’ शुरू किया जाएगा, जिसके दौरान तैयार हो चुकी कई बड़ी परियोजनाएं जनता को समर्पित की जाएंगी।
1,635 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली बारापुला एलिवेटेड रोड फेज-3 परियोजना के शुरू होने से पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है। यह हिस्सा मयूर विहार से सराय काले खां तक कनेक्टिविटी को बेहतर करेगा। परियोजना के चालू होने के बाद मयूर विहार से एम्स तक की यात्रा का समय घटकर करीब 15 से 20 मिनट रह जाने का दावा किया गया है। इससे रोजाना इस मार्ग का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलने और यात्रा का समय बचने की उम्मीद है।
सेवा पखवाड़े के दौरान दिल्ली में परिवहन और सड़क से जुड़ी अन्य परियोजनाएं भी जनता को समर्पित की जाएंगी। इनमें मुकरबा चौक के पास आउटर रिंग रोड पर अंडरपास और बादली जंक्शन से हैदरपुर मेट्रो स्टेशन तक एप्रोच रोड शामिल हैं। इन परियोजनाओं के शुरू होने से प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने और कनेक्टिविटी सुधारने में मदद मिलने की उम्मीद है। सरकार का फोकस राजधानी में सड़क और परिवहन ढांचे को अधिक सुगम बनाने पर है।
सिर्फ सड़क और परिवहन ही नहीं, बल्कि जल और सीवरेज से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं का भी उद्घाटन प्रस्तावित है। इनमें बवाना के 20 एमजीडी जल शोधन संयंत्र में 2 एमजीडी क्षमता का रीसाइक्लिंग प्लांट, ओखला में 564 एमएलडी क्षमता का वेस्ट वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट और बारापुला ड्रेन से बटला हाउस फेज-2 एसपीएस तक इंटरसेप्टर सीवर परियोजना शामिल है। इन जल एवं सीवरेज परियोजनाओं की कुल लागत 863.38 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा करीब 232 करोड़ रुपये की बिजली परियोजनाओं की भी शुरुआत की जाएगी।
दिल्ली सरकार के अनुसार, सेवा पखवाड़े के दौरान सड़क, परिवहन, जल शोधन, सीवरेज, शिक्षा, बिजली और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी कई योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। बारापुला फेज-3 के खुलने को राजधानी के परिवहन ढांचे के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे मयूर विहार, सराय काले खां और एम्स की ओर जाने वाले यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकती है। अब 17 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम पर नजर रहेगी, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में इन परियोजनाओं को दिल्लीवासियों को समर्पित किया जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।