नोएडा में ‘डिजिटल अरेस्ट’ का जाल, रिटायर्ड महिला अधिकारी से 30 लाख की ठगी

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (29/08/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट में साइबर ठगों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की सेवानिवृत्त महिला अधिकारी को करीब एक सप्ताह तक डिजिटल अरेस्ट रखकर 30 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर महिला को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फंसाने और आतंकवादी गतिविधियों के लिए धन जुटाने का आरोप लगाया। गिरफ्तारी का डर दिखाकर उनसे लगातार पूछताछ की गई और मानसिक दबाव बनाया गया।

पीड़िता के मुताबिक, 10 जुलाई को उनके पास एक अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में कुछ युवकों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास महिला का आधार कार्ड मिला है। इसके बाद कथित सीबीआई अधिकारियों से उनकी बातचीत कराई गई। जालसाजों ने उन्हें एक व्यक्ति के लिए अवैध धन के लेनदेन में शामिल होने की बात कहकर कार्रवाई की धमकी दी।

ठगों ने वीडियो कॉल के जरिए महिला को अपने नियंत्रण में रखा और किसी भी परिजन या परिचित से संपर्क करने पर गिरफ्तारी की चेतावनी दी। आरोपियों ने दावा किया कि जांच एजेंसियों की टीमें उनके घर के आसपास मौजूद हैं और उन्हें निर्देश के मुताबिक ही काम करना होगा। लगातार धमकियों के कारण महिला डर गईं और ठगों की बातों पर भरोसा करती चली गईं।

आरोपियों ने कथित जांच खत्म करने के नाम पर महिला से 30 लाख रुपये बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए। रकम भेजने के बाद जब वह घर लौटीं तो परिवार के सदस्यों के सामने भावुक हो गईं। परिजनों से बातचीत के दौरान उन्हें समझ आया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुकी हैं। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई।

साइबर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों के फोन नंबर, बैंक खातों और रकम के लेनदेन से जुड़े विवरण खंगाल रही है। पुलिस लगातार लोगों को आगाह करती रही है कि कोई भी सरकारी एजेंसी फोन या वीडियो कॉल पर ‘डिजिटल अरेस्ट’ करके पैसे जमा कराने का निर्देश नहीं देती। ऐसे किसी दबाव में आने के बजाय तुरंत कॉल काटकर पुलिस या साइबर अपराध हेल्पलाइन से संपर्क करना चाहिए।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।