व्हाट्सऐप लिंक ने कर दिया बैंक खाता खाली, डिलीवरी बॉय के 1.65 लाख रुपये उड़े
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (23/08/2026): ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। दनकौर कस्बे में गैस एजेंसी पर काम करने वाले डिलीवरी बॉय के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 1.65 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित के अनुसार, व्हाट्सऐप पर भेजे गए एक लिंक को खोलने के कुछ ही देर बाद खाते से रकम ट्रांसफर हो गई।
दादरी कोतवाली क्षेत्र के घोड़ी बछेड़ा गांव निवासी राहुल दनकौर की एक गैस एजेंसी में डिलीवरी बॉय हैं। राहुल ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम करीब चार बजे उनके व्हाट्सऐप नंबर पर दनकौर निवासी एक व्यक्ति ने लिंक भेजा था। लिंक खोलने के बाद उनके बैंक खाते से अलग-अलग लेनदेन के जरिए कुल 1 लाख 65 हजार रुपये निकल गए।
खाते से रकम गायब होने की जानकारी मिलने पर राहुल ने लिंक भेजने वाले व्यक्ति से संपर्क किया और पैसे वापस करने की मांग की। आरोप है कि इस पर आरोपी ने रकम लौटाने के बजाय पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद राहुल ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
पीड़ित ने शनिवार शाम करीब 6:30 बजे दनकौर कोतवाली की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। बैंक खाते से हुए लेनदेन, रुपये भेजे जाने वाले खातों और व्हाट्सऐप पर भेजे गए लिंक से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद साइबर ठगी में शामिल व्यक्ति की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अनजान नंबरों से आने वाले लिंक को खोलने से बचने और बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।