इलेक्ट्रिक बसें ‘क्लीन दिल्ली, ग्रीन दिल्ली’ के संकल्पों को कर रही मजबूत: सीएम रेखा गुप्ता

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (19 August 2026): दिल्लीवालों के लिए अंतरराज्यीय सार्वजनिक परिवहन को लेकर बड़ी सुविधा शुरू हो गई है। दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने दिल्ली से करनाल के बीच इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू कर दी है। इस रूट पर पांच वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जा रही हैं और दोनों दिशाओं में रोजाना कुल 10 ट्रिप लगाई जाएंगी। करीब 133 किलोमीटर लंबे इस रूट के शुरू होने से दिल्ली और हरियाणा के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को आधुनिक, आरामदायक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन विकल्प मिलेगा।

नई बस सेवा महाराणा प्रताप आईएसबीटी, कश्मीरी गेट से करनाल को सीधे जोड़ेगी। रास्ते में सिंघू बॉर्डर, राय, भालगढ़, मुरथल, गन्नौर, समालखा, पानीपत, घरौंदा और मधुबन जैसे प्रमुख स्थानों पर यात्रियों को कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे दिल्ली-हरियाणा के बीच रोजाना यात्रा करने वाले नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को फायदा होने की उम्मीद है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से लंबी दूरी के इस रूट पर प्रदूषण कम करने की दिशा में भी मदद मिलेगी।

इसके साथ ही दिल्ली परिवहन व्यवस्था में 200 नई इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल की गई हैं। परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के अनुसार, इन बसों के जुड़ने के बाद दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन बेड़े में बसों की संख्या करीब 6,800 हो गई है। इनमें लगभग 4,938 इलेक्ट्रिक बसें और 1,750 CNG बसें शामिल हैं। नई 200 इलेक्ट्रिक बसों में 12 मीटर लंबी 88 बसें और 9 मीटर श्रेणी की 112 बसें शामिल हैं। इससे दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सार्वजनिक परिवहन की उपलब्धता और मजबूत होने की उम्मीद है।

महिलाओं के लिए भी परिवहन सुविधा का विस्तार किया गया है। राजधानी में 56 लेडीज स्पेशल इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की शुरुआत की गई है। इसके अलावा राजघाट डिपो-1 में सार्वजनिक EV चार्जिंग स्टेशन भी शुरू किया गया है। इस चार्जिंग स्टेशन के निर्माण पर करीब 5.50 करोड़ रुपये की लागत आई है। चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार को दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों की बढ़ती संख्या के साथ जरूरी कदम माना जा रहा है।

दिल्ली सरकार का फोकस राजधानी के सार्वजनिक परिवहन को अधिक आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने पर है। करनाल के लिए अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवा, 200 नई ई-बसें, लेडीज स्पेशल ई-बसें और सार्वजनिक EV चार्जिंग स्टेशन—इन सभी सेवाओं के शुरू होने से दिल्ली की परिवहन व्यवस्था में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का दायरा और बढ़ा है। खासतौर पर दिल्ली-करनाल रूट पर रोजाना 10 ट्रिप शुरू होने से दोनों शहरों के बीच सफर करने वाले यात्रियों को सीधा और सुविधाजनक विकल्प मिल गया है।

बसों को हरी झंडी दिखाने के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि “दिल्ली सरकार अपने किए हुए वायदों को लगातार जमीन पर उतार रही है। मुझे खुशी है कि दिल्ली की Government Buses के Fleet में अब 4,900 से ज्यादा EV Buses हो चुकी हैं। हर महीने हम अपने Fleet में नई Electric Buses जोड़ रहे हैं, जो Clean Delhi, Green Delhi के हमारे संकल्प को और मजबूत कर रही हैं। दिल्ली की जनता को बेहतर Facilities देना, Public Transport को लगातार बढ़ाना और 360 Degree Approach के साथ Pollution को कम करना हमारी प्राथमिकता है।”


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।