Handloom Hackathon 2.0 का सफल समापन: हथकरघा क्षेत्र के लिए AI और टेक्नोलॉजी आधारित नवाचारों का प्रदर्शन
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (2 अगस्त 2026): भारत के पारंपरिक हथकरघा क्षेत्र को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आईआईटी दिल्ली में आयोजित हैंडलूम हैकाथॉन 2.0 – “बुनाई में नवाचार” का सफल समापन हुआ। वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के हैकाथॉन में देशभर से 2,500 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें चयनित शीर्ष 100 टीमों के 280 प्रतिभागियों ने भारत के हथकरघा क्षेत्र के लिए तकनीक आधारित समाधान प्रस्तुत किए।
हैकाथॉन का आयोजन आईआईटी दिल्ली के फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी ट्रांसफर (FITT) में किया गया। इस दौरान नवप्रवर्तकों, शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और हथकरघा विशेषज्ञों ने करघों के आधुनिकीकरण, डिजाइन नवाचार, स्थिरता, बाजार पहुंच और बुनकरों की आजीविका से जुड़ी चुनौतियों के समाधान प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में वस्त्र मंत्रालय की विकास आयुक्त (हथकरघा) डॉ. एम. बीना, आईआईटी दिल्ली के वस्त्र एवं फाइबर इंजीनियरिंग विभाग की प्रमुख डॉ. दीप्ति गुप्ता, आईआईटी दिल्ली पूर्व छात्र संघ के सचिव पंकज कपाडिया तथा थिंकस्टार्टअप के सह-संस्थापक संजीव शिवेश सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
डॉ. एम. बीना ने अपने संबोधन में कहा कि “हथकरघा हमारी समृद्ध विरासत का प्रतीक है, जबकि प्रौद्योगिकी भविष्य का प्रतिनिधित्व करती है। हथकरघा हैकाथॉन के माध्यम से हम इन दोनों को जोड़कर बुनकर समुदाय को सशक्त बना रहे हैं।” उन्होंने बुनाई प्रक्रियाओं, डिजाइन विकास और आधुनिक विपणन में नवाचार की आवश्यकता पर बल देते हुए बताया कि ‘इंडियन हैंडमेड पोर्टल’ के माध्यम से बुनकर बिना किसी मध्यस्थ के अपने उत्पाद वैश्विक बाजार में बेच सकते हैं।
उन्होंने आईआईटी और एनआईएफटी जैसे संस्थानों के साथ साझेदारी को आवश्यक बताते हुए कहा कि इससे पारंपरिक बुनाई प्रक्रियाओं में वैज्ञानिक तकनीक का समावेश होगा, मैनुअल श्रम कम होगा और बुनकरों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
आईआईटी दिल्ली की प्रोफेसर डॉ. दीप्ति गुप्ता ने बताया कि संस्थान में स्थापित होने वाला हैंडलूम टेक्नोलॉजी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस अगले सप्ताह वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से शुरू किया जाएगा। यह केंद्र हथकरघा क्षेत्र में तकनीक के बेहतर उपयोग, उत्पादकता और मानकीकरण को बढ़ावा देगा, जबकि हस्तनिर्मित वस्त्रों की विशिष्टता भी सुरक्षित रहेगी।
इस अवसर पर पंकज कपाडिया ने हथकरघा उद्योग के पुनरुत्थान में तकनीक की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया, जबकि संजीव शिवेश ने फाइनलिस्ट टीमों को बधाई देते हुए उन्हें सामाजिक और आर्थिक प्रभाव वाले नवाचार विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
*चार श्रेणियों में सम्मानित हुए विजेता*
हैंडलूम हैकाथॉन 2.0 में विजेताओं को चार प्रमुख श्रेणियों में सम्मानित किया गया—
बुनकरों की आजीविका एवं वित्तीय समावेशन
बाजार पहुंच एवं डिजिटल एकीकरण
स्थिरता एवं पर्यावरणीय प्रभाव
डिजाइन एवं संचालन में नवाचार
विजेता टीमों ने एआई-सक्षम प्लेटफॉर्म, डिजिटल मार्केट एक्सेस टूल्स, पर्यावरण-अनुकूल रंगाई प्रणाली, करघा आधुनिकीकरण और डिजाइन सुधार जैसे अभिनव समाधान प्रस्तुत किए। विजेता प्रतिभागी केसीजी कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी, आईआईएचटी सलेम, आईआईटी मद्रास, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, श्री ईश्वर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, कुमारगुरु कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी, केएलबी आईआईएचटी हैदराबाद तथा स्टार्टअप सविन्या स्टूडियो सहित विभिन्न संस्थानों से रहे।
वस्त्र मंत्रालय ने कहा कि हैंडलूम हैकाथॉन 2.0 का सफल आयोजन नवाचार, अकादमिक-उद्योग सहयोग और तकनीक आधारित समाधानों के माध्यम से भारत के हथकरघा उद्योग को वैश्विक स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य उत्पादकता बढ़ाने, बुनकरों की आय में सुधार करने और देश की समृद्ध हथकरघा विरासत का संरक्षण सुनिश्चित करना है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।