51 लीटर गंगाजल की कांवड़, 18 वर्षीय कृष्णा की अनोखी श्रद्धा बनी चर्चा का विषय
टेन न्यूज नेटवर्क
Ghaziabad News (30/07/2026): गाजियाबाद के मुरादनगर क्षेत्र के मनोटा गांव निवासी 18 वर्षीय कृष्णा अपनी अनोखी आस्था के कारण कांवड़ यात्रा में आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। हरिद्वार से 51 लीटर गंगाजल की कलश कांवड़ लेकर पैदल लौट रहे कृष्णा का कहना है कि भगवान शिव का जलाभिषेक करने के बाद वह इसी पवित्र गंगाजल से अपने माता-पिता का भी अभिषेक करेंगे। उनका मानना है कि माता-पिता की सेवा और सम्मान भी भगवान की पूजा के समान है।
कृष्णा ने बताया कि उनके पिता प्रकाश ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि उनकी मां गुडिया गृहिणी हैं। वह पढ़ाई के साथ पिता के काम में भी सहयोग करते हैं। स्कूल से लौटने के बाद कुछ समय पिता के साथ काम करते हैं और फिर नियमित पढ़ाई करते हैं। उन्होंने बताया कि यह उनकी दूसरी कांवड़ यात्रा है और इस बार उन्होंने हरिद्वार से 1 जून को जल उठाया था।
करीब 51 लीटर गंगाजल के भार के साथ यात्रा करना आसान नहीं है। पैरों में छाले पड़ चुके हैं और कंधों पर भी लगातार दबाव महसूस होता है, लेकिन कृष्णा इसे भगवान शिव का आशीर्वाद मानते हैं। उनका कहना है कि कांवड़ यात्रा में होने वाली कठिनाइयां श्रद्धा की परीक्षा होती हैं और सच्ची भक्ति हर परेशानी को आसान बना देती है। उन्होंने कहा कि उन्होंने भगवान शिव से कोई विशेष मनोकामना नहीं मांगी, बल्कि केवल परिवार के सुख और माता-पिता के स्वस्थ जीवन की कामना की है।
इसी जत्थे में शामिल मुरादनगर के ही ललित पहलवान भी 121 लीटर गंगाजल की कांवड़ लेकर यात्रा कर रहे हैं। उनके साथ कई श्रद्धालु भी पैदल चल रहे हैं। ललित ने बताया कि उन्होंने गौ संरक्षण और गौमाता की सुरक्षा की भावना के साथ यह कांवड़ उठाई है। उनका कहना है कि यात्रा के दौरान बारिश, थकान और शारीरिक दर्द जैसी परेशानियां आती हैं, लेकिन शिवभक्ति के आगे ये सभी कठिनाइयां छोटी पड़ जाती हैं। उनके अनुसार आस्था, अनुशासन और सेवा का भाव ही कांवड़ यात्रा की सबसे बड़ी पहचान है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।