अमेरिका-भारत ट्रेड समझौते के विरोध में दिल्ली कूच पर निकले किसान, गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस से टकराव

टेन न्यूज नेटवर्क

Ghaziabad News (21/07/2026): भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते (ट्रेड डील) के विरोध में मंगलवार को दिल्ली की ओर कूच कर रहे किसानों और पुलिस के बीच गाजीपुर बॉर्डर पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। किसानों को राजधानी में प्रवेश से रोकने के लिए पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स के सामने प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिससे मौके पर धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक देखने को मिली। स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण रही, हालांकि वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया गया।

देशभर के किसान संगठनों ने मंगलवार को दिल्ली स्थित किसान घाट तक मार्च निकालने का आह्वान किया था। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में किसान दिल्ली पहुंचने के लिए निकले थे। संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए दिल्ली-उत्तर प्रदेश सीमा पर पहले से ही व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।

दोपहर करीब एक बजे गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचे किसानों ने दिल्ली की ओर बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे जाने से रोक दिया। प्रदर्शनकारी लगातार आगे बढ़ने की मांग करते रहे और कुछ किसानों ने बैरिकेड हटाने का प्रयास भी किया। इसी दौरान पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई। लगभग 20 मिनट तक सीमा क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से वार्ता कर स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की। इसके बाद हालात सामान्य होने लगे और भीड़ को नियंत्रित किया गया।

दिल्ली से सटे गाजीपुर, यूपी गेट, लोनी सहित अन्य प्रमुख प्रवेश मार्गों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस प्रशासन ने सीमावर्ती क्षेत्रों में बैरिकेडिंग, निगरानी और यातायात नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर एवं ट्रैफिक) राज करन नैयर के अनुसार, दिल्ली से जुड़े सभी प्रमुख बॉर्डरों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। उन्होंने बताया कि करीब 700 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया। यातायात संचालन के लिए अलग से अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई, जिसमें एक एसीपी, तीन इंस्पेक्टर और एक अतिरिक्त डीसीपी को जिम्मेदारी सौंपी गई।

उन्होंने कहा कि किसानों को समझाने का प्रयास किया गया और बाद में कई प्रदर्शनकारियों को बसों के माध्यम से वहां से हटाकर वापस भेज दिया गया, ताकि सीमा क्षेत्र में शांति और यातायात व्यवस्था बनी रहे। किसान संगठनों का आरोप है कि भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते से कृषि क्षेत्र और किसानों के हित प्रभावित हो सकते हैं। इसी मुद्दे को लेकर देशभर के किसान संगठनों ने दिल्ली में प्रदर्शन का आह्वान किया था। हालांकि प्रशासन ने राजधानी में प्रवेश को लेकर सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सीमाओं पर सख्ती बरती। फिलहाल गाजीपुर बॉर्डर सहित अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की सतर्क निगरानी जारी है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।