दिल्ली भाजपा ने घोषित की नई प्रदेश टीम 2026, हर्ष मल्होत्रा बोले- अनुभव और नए चेहरों का है संतुलित समावेश

टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली | 20 जुलाई 2026

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अनुमति एवं राष्ट्रीय नेतृत्व से विचार-विमर्श के बाद प्रदेश संगठन की नई टीम-2026 की घोषणा की। नई टीम में संगठनात्मक अनुभव, क्षेत्रीय एवं सामाजिक संतुलन के साथ नए और पुराने कार्यकर्ताओं को प्रतिनिधित्व दिया गया है।

नई टीम की घोषणा के बाद हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रदेश संगठन में अनुभव और नई ऊर्जा का संतुलित समावेश किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह टीम दिल्ली भाजपा को और अधिक मजबूत करेगी तथा केंद्र एवं दिल्ली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद संभालने के एक माह 20 दिन के भीतर समयबद्ध तरीके से प्रदेश पदाधिकारियों की टीम, 14 जिला इकाइयों का गठन तथा दिल्ली नगर निगम के 12 में से 10 जोन चेयरमैन के चुनाव में सफलता संगठन की कार्यशैली को दर्शाती है।

नई घोषित टीम में कुल 38 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। इनमें से 19 पदाधिकारी पिछली प्रदेश टीम में भी दायित्व निभा चुके हैं, जबकि कुछ अन्य पूर्व में भी प्रदेश संगठन का हिस्सा रहे हैं। वहीं, पिछली टीम के तीन मोर्चा अध्यक्षों को इस बार मुख्य प्रदेश टीम में स्थान दिया गया है।

तीन महामंत्री बनाए गए

प्रदेश संगठन में विष्णु मित्तल, योगिता सिंह और मोहनलाल गिराहा को महामंत्री बनाया गया है। वहीं सतीश गर्ग को एक बार फिर प्रदेश कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

10 उपाध्यक्ष और 9 मंत्रियों को मिली जिम्मेदारी

नई टीम में विभिन्न सामाजिक एवं क्षेत्रीय वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करते हुए 10 उपाध्यक्ष और 9 मंत्रियों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी, कार्यालय और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की भी घोषणा की गई है।

प्रमुख नियुक्तियां

मीडिया प्रमुख: प्रवीण शंकर कपूर

मुख्य प्रवक्ता: डॉ. अनिल गुप्ता

मीडिया रिलेशन प्रमुख: शुभेन्दू शेखर अवस्थी

सोशल मीडिया प्रमुख: रोहित उपाध्याय

आईटी प्रमुख: पुनीत अग्रवाल

कार्यालय मंत्री: कैलाश जैन

सह कार्यालय मंत्री: अमित गुप्ता

मोर्चा अध्यक्ष

युवा मोर्चा: रजत चौधरी

महिला मोर्चा: अर्चना गुप्ता

ओबीसी मोर्चा: संतोष पाल

अनुसूचित जाति मोर्चा: लाजपत राय

अनुसूचित जनजाति मोर्चा: सी.एल. मीणा

पूर्वांचल मोर्चा: संतोष ओझा

किसान मोर्चा: देवेन्द्र सोलंकी

अल्पसंख्यक मोर्चा: अनीस अब्बासी

दिल्ली भाजपा का कहना है कि नई प्रदेश टीम संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और केंद्र व दिल्ली सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गठित की गई है।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।