Delhi Election Results : दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, AAP का किला ढहा, कांग्रेस का नहीं खुला खाता
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (8 फरवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे घोषित हो गए हैं, जिसमें भाजपा ने 26 साल बाद राजधानी में सरकार बनाने का रास्ता साफ कर लिया है। 70 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा ने 48 सीटों पर जीत दर्ज कर दो-तिहाई बहुमत हासिल किया, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) सिर्फ 22 सीटों पर सिमट गई। वहीं कांग्रेस पिछली बार की तरह इस बार भी अपना खाता नहीं खोल पाई। यह परिणाम दिल्ली की राजनीति में बड़ा बदलाव दर्शाता है, जहां भाजपा ने AAP के लंबे समय से मजबूत गढ़ को हिला दिया है।
इस जीत के पीछे भाजपा की रणनीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता को मुख्य कारण माना जा रहा है। चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा ने दिल्ली की बुनियादी समस्याओं टूटी सड़कें, पानी की किल्लत, कूड़े के ढेर, प्रदूषण और महिला सुरक्षा को प्रमुख मुद्दा बनाया। इसके अलावा, भाजपा ने झुग्गीवासियों और मध्यम वर्ग के लिए चलाई जा रही केंद्र सरकार की योजनाओं को जोर-शोर से प्रचारित किया, जिससे जनता का समर्थन मिला।
दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी के लिए यह हार बड़ा झटका साबित हुई है। पिछले 10 वर्षों से सत्ता में रहने के बावजूद AAP जनता को संतुष्ट करने में विफल रही। खासकर, यमुना की सफाई, जल संकट, और भ्रष्टाचार के आरोपों ने पार्टी की साख को नुकसान पहुंचाया। भाजपा ने इन्हीं कमजोरियों को चुनावी मुद्दा बनाया और मतदाताओं को यह विश्वास दिलाया कि दिल्ली को बेहतर प्रशासन और विकास की जरूरत है, जो केवल भाजपा ही दे सकती है।
अब जब भाजपा ने राजधानी में सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए तैयार है, उसकी प्राथमिकताएँ दिल्ली को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुरक्षित राजधानी बनाना होंगी। आने वाले समय में यमुना सफाई अभियान, दिल्ली मेट्रो का विस्तार, बुनियादी ढांचे का सुधार और महिला सुरक्षा भाजपा सरकार के एजेंडे में शीर्ष पर रहेंगे। इस जीत के साथ भाजपा ने दिल्ली में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत कर ली है और AAP के सामने खुद को पुनर्गठित करने की चुनौती खड़ी कर दी है।
टिप्पणियाँ बंद हैं।