चर्चित इंजीनियर की मौत और लिंटर हादसे पर एक्शन में नोएडा प्राधिकरण, होगी बड़ी कार्रवाई
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (14/07/2026): नोएडा में हाल ही में सामने आए दो गंभीर हादसों के बाद प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाया है। सेक्टर-58 में बारिश के दौरान एक इंजीनियर की मौत और सेक्टर-33 में निर्माणाधीन मार्केट का लिंटर गिरने की घटनाओं की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) वंदना त्रिपाठी ने दोनों मामलों की जांच की जिम्मेदारी जनरल मैनेजर (जीएम) एसपी सिंह को सौंपी है। जांच रिपोर्ट तैयार होने के बाद इसे प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) को भेजा जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
पहली घटना 10 जुलाई को सेक्टर-58 में हुई थी, जहां इंजीनियर आर्यन सुबह कार्यालय जाते समय जलभराव से बचने के लिए नाले के ऊपर बने स्लैब से गुजर रहे थे। इसी दौरान स्लैब टूटे या गायब होने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नाले में गिर गए। घटना के दौरान पास लगे बिजली के पोल में करंट फैलने की भी बात सामने आई है। हालांकि उनकी मौत की वास्तविक वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
दूसरा हादसा सेक्टर-33 स्थित निर्माणाधीन मार्केट में हुआ, जहां अचानक दुकान का लिंटर भरभराकर गिर गया। हादसे के समय वहां काम कर रहे तीन मजदूर मलबे में दबकर घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
प्राधिकरण की जांच में दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण किया जाएगा और संबंधित अधिकारियों, निर्माण एजेंसियों तथा ठेकेदारों से जानकारी ली जाएगी। रिपोर्ट में यह भी परखा जाएगा कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं तथा किसी स्तर पर लापरवाही हुई है या नहीं। यदि जांच में किसी अधिकारी, ठेकेदार या एजेंसी की जिम्मेदारी तय होती है तो उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।