रोजगार, राम मंदिर और विकास पर विपक्ष पर बरसे सीएम योगी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Kushinagar News (11 जुलाई 2026): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कुशीनगर में ₹525 करोड़ की लागत वाली 464 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “जो युवाओं का रोजगार खा गए, वे अयोध्या, मथुरा और काशी के बारे में क्या सोचते।” उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों में मंदिरों के नाम पर आने वाला धन विकास के बजाय अन्य कार्यों में खर्च किया जाता था, जबकि वर्तमान सरकार मंदिरों के पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले कुशीनगर इंसेफेलाइटिस, पिछड़ेपन और पलायन के लिए जाना जाता था, लेकिन वर्तमान सरकार की प्रभावी रणनीति, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, स्वच्छता, टीकाकरण और जागरूकता अभियानों के कारण इस बीमारी पर निर्णायक नियंत्रण स्थापित किया गया है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने मुसहर समाज सहित वंचित परिवारों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है। उन्हें पक्के मकान, भूमि के पट्टे, आयुष्मान भारत कार्ड, मुफ्त राशन, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र के कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणा का उल्लेख करते हुए कहा कि बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और दुर्घटना बीमा का लाभ दिया जा रहा है।

कनेक्टिविटी को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जल्द ही जेवर और गया से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। साथ ही खड्डा क्षेत्र में नारायणी नदी पर लगभग ₹800 करोड़ की लागत से नए पुल का निर्माण कराया गया है तथा रामकोला-कसया मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी जल्द मंजूर किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कुशीनगर में कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है, जहां इसी शैक्षणिक सत्र से प्रवेश शुरू होंगे। केला उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए टिश्यू कल्चर लैब की आधारशिला भी रखी गई है। साथ ही प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मंदिरों के सौंदर्यीकरण एवं पुनरुद्धार का कार्य कराया जा रहा है और कुशीनगर के रामाभार स्तूप व हिरण्यवती नदी क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 110 वर्षीय राम विलास भगत और 104 वर्षीय राम प्रसाद साहनी को सम्मानित किया। उन्होंने दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया और कहा कि सुरक्षित बचपन ही देश के सुरक्षित भविष्य की नींव है। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चेक, स्वीकृति पत्र, कृषि यंत्रों की चाबियां और अन्य सहायता सामग्री भी वितरित की गई।

इस अवसर पर मंत्री दारा सिंह चौहान, राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह, सांसद विजय दुबे, सांसद रवि किशन, क्षेत्रीय विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।