द्वारका को निवेश का नया केंद्र बनाने की तैयारी, उद्योग जगत के साथ उपराज्यपाल की अहम बैठक

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (10 July 2026): दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने द्वारका सब-सिटी में निवेश की संभावनाओं को लेकर उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण संवाद में हिस्सा लिया। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की ओर से कुतुब गोल्फ कोर्स में आयोजित इस इंटरैक्टिव सत्र में भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के सदस्य भी शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य द्वारका को निवेश, व्यापार और आधुनिक शहरी विकास के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की रणनीति पर चर्चा करना था।

उपराज्यपाल ने कहा कि द्वारका एशिया की सबसे बड़ी नियोजित सब-सिटी में से एक है और इसकी रणनीतिक स्थिति इसे निवेश के लिए बेहद आकर्षक बनाती है। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की निकटता, मजबूत परिवहन नेटवर्क और तेजी से विकसित हो रहे शहरी ढांचे के कारण यहां वाणिज्य, आतिथ्य, स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रौद्योगिकी और आधुनिक शहरी बुनियादी ढांचे जैसे कई क्षेत्रों में निवेश की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।

बैठक के दौरान उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और निवेशकों के साथ द्वारका के समग्र विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। विभिन्न क्षेत्रों में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के माध्यम से निवेश बढ़ाने, बेहतर बुनियादी सुविधाएं विकसित करने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप योजनाएं तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। उद्योग प्रतिनिधियों ने भी क्षेत्र के विकास से जुड़े अपने सुझाव साझा किए।

तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि दिल्ली में निवेशकों के लिए पारदर्शी, सरल और भरोसेमंद कारोबारी माहौल तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को और मजबूत बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि निवेशकों को बेहतर सुविधाएं मिलें और राजधानी में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिल सके।

उपराज्यपाल ने विश्वास जताया कि सरकार, डीडीए और उद्योग जगत के साझा प्रयासों से द्वारका आने वाले वर्षों में देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल न केवल रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित दिल्ली’ और ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को भी मजबूती प्रदान करेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।