मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘सक्षम’ कार्यक्रम के तहत कई आधुनिक पहलें की शुरू
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (09 July 2026): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को ‘सक्षम’ कार्यक्रम के तहत सरकारी स्कूलों में तकनीक आधारित शिक्षा, छात्र कल्याण और भविष्य उन्मुख सीखने को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई नई पहलों का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित स्मार्ट सुविधाओं, STEM शिक्षा, डिजिटल क्लासरूम और स्वास्थ्य सेवाओं को सरकारी स्कूलों तक पहुंचाने की शुरुआत की गई। सरकार का कहना है कि इन पहलों से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का भी लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के तहत शालीमार बाग स्थित एक सरकारी स्कूल में देश के पहले AI-इंटीग्रेटेड स्मार्ट स्कूल टॉयलेट का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही दिल्ली के सभी सरकारी स्कूलों में STEM इनोवेशन लैब, आधुनिक कंप्यूटर लैब और स्मार्ट डिजिटल क्लासरूम की शुरुआत की गई है। इन सुविधाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें नई तकनीकों के अनुरूप तैयार करना है।
छात्राओं के स्वास्थ्य और समग्र विकास पर विशेष ध्यान देते हुए लगभग 3,000 छात्राओं के लिए मेडिकल चेकअप, आंखों की जांच, जरूरतमंदों को चश्मों का वितरण, डी-वॉर्मिंग अभियान और मासिक धर्म स्वच्छता से जुड़ा प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किया गया है। इन पहलों को लाडली फाउंडेशन के सहयोग से लागू किया जा रहा है, ताकि छात्राओं को शिक्षा के साथ बेहतर स्वास्थ्य और जागरूकता का लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ‘सक्षम’ कार्यक्रम का उद्देश्य केवल बेहतर बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि छात्रों को नवाचार, वैज्ञानिक सोच और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना भी है।
इस अवसर पर सरकार ने STEM इनोवेशन लैब के शीर्ष पांच प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया, जिनका चयन अमेरिका के प्रतिष्ठित यूएसएसआरसी (United States Space & Rocket Center) स्पेस साइंस प्रोग्राम के लिए हुआ है। इन विद्यार्थियों की यात्रा, हवाई टिकट और अन्य खर्च का पूरा वहन दिल्ली सरकार करेगी। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि दिल्ली के सरकारी स्कूलों के लिए गर्व का विषय है और इससे अन्य छात्रों को भी प्रेरणा मिलेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।