Ghaziabad News (05/07/2026): गाजियाबाद के मुरादनगर स्थित कुर्सी गांव के संस्कार उपवन परिसर में रविवार को बच्चों और युवाओं के लिए आत्मरक्षा एवं व्यक्तित्व विकास पर केंद्रित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्कार उपवन परिवार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों को आत्मरक्षा, शूटिंग, अनुशासन और योग के महत्व से परिचित कराया गया। कार्यक्रम का आयोजन परम श्रद्धेय श्री नवनीतप्रिया दास जी के सानिध्य में सुबह 8 बजे से 10 बजे तक किया गया।
कार्यक्रम में विश्व मास्टर शूटिंग चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता राम सिसोदिया ने बच्चों को आत्मरक्षा के व्यावहारिक पहलुओं के साथ अनुशासित जीवनशैली का महत्व समझाया। उन्होंने प्रतिभागियों को शूटिंग खेल की बुनियादी तकनीकों से अवगत कराया और डॉट गेम की तकनीकी जानकारी देने के साथ एयर पिस्टल से प्रायोगिक अभ्यास भी कराया। उन्होंने कहा कि शूटिंग एक ऐसा खेल है, जिसमें मेहनत और नियमित अभ्यास के बल पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने बच्चों से खेलों के माध्यम से देश का नाम रोशन करने का आह्वान भी किया।

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि डॉ. सरोज सिरोही ने योग को स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बताते हुए बच्चों को विभिन्न योग तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास के कारण 70 वर्ष की आयु में भी वे स्वयं को पूरी तरह स्वस्थ और ऊर्जावान महसूस करती हैं। उन्होंने बच्चों से कम उम्र से ही योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
इस अवसर पर परम श्रद्धेय श्री नवनीतप्रिया दास जी ने उपस्थित बच्चों और युवाओं को जीवन में आध्यात्मिक ज्ञान के साथ आत्मरक्षा कौशल विकसित करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं के लिए “शास्त्र और शस्त्र” दोनों का ज्ञान समान रूप से आवश्यक है, क्योंकि एक व्यक्ति के चरित्र का निर्माण करता है तो दूसरा आवश्यकता पड़ने पर उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करता है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राहुल गुप्ता ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए ऐसे आयोजनों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया। इस प्रशिक्षण शिविर में करीब 60 से 70 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में शालिनी भाटी, शशि, ब्रह्मदत्त भाटी, जय प्रकाश, धीरेंद्र त्रिपाठी, ब्रजेश शर्मा, सुमित शर्मा, चिराग भोला, आशीष सिंघल, सोनू चौधरी, निखिल त्यागी सहित अनेक गणमान्य लोग एवं अभिभावक मौजूद रहे। आयोजन के अंत में बच्चों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।