औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं के समाधान को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (03/07/2026): गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में छपरौला-दादरी औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं की समीक्षा बैठक कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में छपरौला-दादरी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी मेधा रूपम के समक्ष रखीं।

बैठक के दौरान एसोसिएशन ने राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर एनएचएआई द्वारा ड्रेनेज कार्य में हो रही देरी, पुराने विद्युत उपकेंद्र में जलभराव, औद्योगिक क्षेत्र में अग्निशमन वाहन की उपलब्धता तथा नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सेक्शन-4 से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

जिलाधिकारी ने सभी बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि औद्योगिक इकाइयों और व्यापारिक गतिविधियों में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।

राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर ड्रेनेज कार्य की समीक्षा के दौरान एनएचएआई के संबंधित ठेकेदार की बैठक में अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने शासन और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजकर मामले से अवगत कराने के निर्देश दिए। वहीं, नोएडा प्राधिकरण के सेक्शन-4 से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए नोएडा प्राधिकरण और पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्योगों और व्यापारिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। साथ ही उद्योग प्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखते हुए उनकी समस्याओं का प्रभावी और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में डिप्टी कलेक्टर विवेक भदौरिया, जिला कृषि रक्षा अधिकारी विवेक दुबे, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं छपरौला-दादरी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।