दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराने के बाद बस में लगी आग, 8 यात्रियों की मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

National News (01 July 2026): राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार तड़के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 यात्री घायल हो गए। हादसा कोलवा थाना क्षेत्र के धनावड़ के पास जीरो प्वाइंट पर हुआ, जहां ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ ही पलों में उसमें भीषण आग लग गई। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य के लिए पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

पुलिस के अनुसार इस हादसे में छह यात्रियों की बस में जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य यात्रियों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया। हादसे में घायल हुए 29 लोगों को दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। कई घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया, जबकि मामूली रूप से घायल कुछ लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। बस में कुल 39 से अधिक यात्रियों के सवार होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन अभी अंतिम संख्या का सत्यापन कर रहा है। ट्रक चालक और उसका खलासी भी इस दुर्घटना में घायल हुए हैं।

दौसा के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बताया कि प्रारंभिक जांच में बस चालक को नींद की झपकी आने की आशंका सामने आई है, जिसके कारण बस ट्रक से टकरा गई। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच जारी है। वहीं एडिशनल एसपी योगेंद्र फौजदार ने बताया कि हादसा रात करीब तीन बजे हुआ था और मृतकों के शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा के अनुसार हादसे के बाद लगभग 24 से 25 यात्री सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि अन्य को राहत दल और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।

इस हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य को लेकर भी गंभीर सवाल उठे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि दुर्घटना की सूचना पुलिस और एक्सप्रेसवे प्रबंधन को तुरंत दे दी गई थी, लेकिन फायर ब्रिगेड को मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि दमकल की टीम समय पर पहुंच जाती तो बस में फंसे कई यात्रियों की जान बचाई जा सकती थी। प्रशासन ने इन आरोपों को भी जांच के दायरे में शामिल किया है और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

दुर्घटना पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। दौसा सांसद मुरारीलाल मीणा ने भी हादसे को दुखद बताते हुए यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे तथा पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी शोक संदेश जारी कर मृतकों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। प्रशासन ने मृतकों की पहचान और हादसे की विस्तृत जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।