दिल्ली में कब होगी मानसून की पहली बारिश?, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (26 June 2026): राष्ट्रीय राजधानी में जून के अंतिम दिनों से मौसम का मिजाज बदलने लगा है और जुलाई की शुरुआत भी बारिश के साथ होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 26 जून से लेकर 30 जून तक दिल्ली में रोजाना आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इस दौरान तापमान में भी धीरे-धीरे गिरावट आएगी, हालांकि हवा में नमी बढ़ने से उमस लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने से राजधानी में राहत भरी बारिश का दौर शुरू होगा।

गुरुवार को दिल्ली के कई इलाकों में दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। घने बादल छाने के साथ तेज हवाएं चलीं और कई स्थानों पर हल्की बारिश तथा बूंदाबांदी दर्ज की गई। पालम में हवा की अधिकतम रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटा, पूसा में 41 किलोमीटर प्रति घंटा, जबकि पीतमपुरा और छतरपुर में करीब 28 किलोमीटर प्रति घंटा रही। आया नगर में 9.2 मिमी और पीतमपुरा में 1 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग में गुरुवार को अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम दर्ज किया गया। वहीं पालम में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री, लोदी रोड में 38.6 डिग्री, रिज क्षेत्र में 40.1 डिग्री और आया नगर में 37.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम में बदलाव के बावजूद उमस का असर बना रहने की संभावना है।

आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक 26 जून को भी दिल्ली में आंधी और बारिश की संभावना बनी रहेगी। 27 से 30 जून तक लगातार बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं 1 जुलाई को भी बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे अधिकतम तापमान घटकर लगभग 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।