मोहर्रम को लेकर यूपी में अलर्ट, सीएम योगी ने दिए कड़े निर्देश

टेन न्यूज नेटवर्क

Lucknow News (17/06/2026): उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आगामी पर्व-त्योहारों, नीट परीक्षा और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मोहर्रम के दौरान शांति, सौहार्द और अनुशासन बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोहर्रम श्रद्धा और मातम का पर्व है, इसलिए इसके दौरान किसी भी प्रकार के शक्ति प्रदर्शन या हथियारों के प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नई परंपराओं की शुरुआत न होने पाए, ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रहे तथा तेज आवाज वाले डीजे और ढोल-ताशों के अनियंत्रित उपयोग पर प्रभावी निगरानी रखी जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए गए हैं।

नीट परीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की बसों में प्रवेश पत्र दिखाने पर किराए में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और दूर-दराज से आने वाले छात्रों के लिए आवश्यकता पड़ने पर अस्थायी आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराने को कहा।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों और 762 नगरीय निकायों में व्यापक कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। अमृत सरोवरों, ऐतिहासिक धरोहरों और सांस्कृतिक स्थलों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 20 जून को नगर विकास, ग्राम्य विकास, पंचायती राज विभाग तथा शिक्षण संस्थानों के सहयोग से विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।

बैठक में मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन, सीएम हेल्पलाइन और आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।