Noida News (15/06/2026): ऑनलाइन निवेश के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर साइबर अपराधियों ने नोएडा के एक कारोबारी को लाखों रुपये का चूना लगा दिया। ठगों ने सुनियोजित तरीके से पहले कारोबारी का भरोसा जीता और फिर फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर निवेश करवाकर करीब 34.93 लाख रुपये हड़प लिए। मामले की शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिसरख क्षेत्र निवासी कारोबारी पंकज प्रिया रंजन ने पुलिस को बताया कि कुछ लोगों ने व्हाट्सएप के माध्यम से उनसे संपर्क किया और खुद को निवेश विशेषज्ञ बताया। आरोपियों ने उन्हें एक ऑनलाइन ट्रेडिंग ग्रुप से जोड़कर शेयर और डिजिटल ट्रेडिंग में निवेश करने की सलाह दी। शुरुआती दौर में आकर्षक रिटर्न का झांसा देकर उनका विश्वास हासिल किया गया, जिसके बाद उन्होंने निवेश करना शुरू कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, ठगों के कहने पर उन्होंने अलग-अलग समय में कुल 34 लाख 93 हजार 850 रुपये विभिन्न बैंक खातों में जमा किए। फर्जी प्लेटफॉर्म पर लगातार बढ़ता हुआ मुनाफा दिखाया जाता रहा, जिससे उन्हें लगा कि उनका पैसा सुरक्षित है और निवेश सफल हो रहा है। इसी भरोसे में उन्होंने अपनी निवेश राशि लगातार बढ़ा दी।
ठगी का खुलासा उस समय हुआ, जब कारोबारी ने अपने निवेश और मुनाफे की रकम निकालने का प्रयास किया। आरोपियों ने निकासी प्रक्रिया रोक दी और धनराशि जारी कराने के नाम पर अतिरिक्त 15 लाख रुपये जमा करने की मांग कर दी। इसके बाद पीड़ित को पूरे खेल पर शक हुआ और उन्होंने मामले की जांच शुरू कराई।
पीड़ित ने पहले राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और बाद में साइबर क्राइम थाना, सेक्टर-36 में लिखित तहरीर दी। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, व्हाट्सएप चैट और डिजिटल लेनदेन की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों को चिन्हित कर उन्हें फ्रीज कराने की प्रक्रिया भी चल रही है, ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन निवेश न करें और बिना सत्यापन के किसी भी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर धनराशि निवेश करने से बचें।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।