12 साल में बदली विकास की तस्वीर, कृषि से इंफ्रास्ट्रक्चर तक मोदी सरकार की उपलब्धियां
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (13/06/2026): केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में लोक निर्माण राज्य एवं जनपद प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं और उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, आधारभूत संरचना और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। कार्यक्रम में सांसद डॉ. महेश शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर और महानगर अध्यक्ष महेश चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बृजेश सिंह ने कहा कि किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के माध्यम से लाखों हेक्टेयर कृषि भूमि को आधुनिक सिंचाई व्यवस्था से जोड़ा गया है। माइक्रो इरिगेशन तकनीक के विस्तार से पानी की बचत हुई है और फसल उत्पादन में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंचने से किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिली है।
सड़क और परिवहन सुविधाओं का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में राष्ट्रीय राजमार्गों के नेटवर्क में तेजी से विस्तार हुआ है। देशभर में हजारों किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण किया गया, जिससे शहरों और गांवों के बीच संपर्क मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे और बेहतर सड़क नेटवर्क के कारण यात्रा का समय काफी कम हुआ है तथा व्यापार और आवागमन को नई गति मिली है।
रेलवे क्षेत्र में हुए बदलावों को रेखांकित करते हुए उन्होंने बताया कि अधिकांश ब्रॉडगेज रेल मार्गों का विद्युतीकरण पूरा किया जा चुका है। इसके साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देश के अनेक रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं और माल परिवहन व्यवस्था भी अधिक मजबूत हुई है।
मंत्री ने कहा कि चिनाब ब्रिज, सुरंगों और अन्य बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाएं भारत की बढ़ती तकनीकी क्षमता और विकास की नई पहचान बनकर उभरी हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2014 से 2026 के बीच देश ने एक मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए हैं। सरकार की कार्यशैली के कारण विकास परियोजनाएं केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि समयबद्ध तरीके से धरातल पर भी उतरी हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।