उद्योग, प्रशासन और खरीदारों के बीच विश्वास का सेतु बनेगी Young Entrepreneurs Society : J.P Singh, Chairman

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Moradabad News (14/06/2026): मुरादाबाद के होटल हॉलिडे रीजेंसी में आयोजित Young Entrepreneurs Society (YES) – Industry Connect & Honouring Excellence 2026 कार्यक्रम में शिक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य, हस्तशिल्प, पर्यावरण संरक्षण, आतिथ्य, कला एवं संस्कृति तथा जनसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को YES Excellence Awards 2026 से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पेंसिया (IAS) एवं सह-मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल (IPS) रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. राकेश कुमार (Director General, EPCH एवं Chairman, IEML), डॉ. नीरज खन्ना (Chairman, EPCH) तथा अमूल मेहरोत्रा (Chairman, Sourcing Professionals Alliance) शामिल रहे। कार्यक्रम में विधायक रितेश के. गुप्ता एवं महापौर विनोद अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।

इस अवसर पर YES के चेयरमैन जेपी सिंह ने टेन न्यूज नेटवर्क से विशेष बातचीत में कहा कि, यह आयोजन निर्यात उद्योग, बाइंग कम्युनिटी और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय, सहयोग और विश्वास स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा, आज का यह कार्यक्रम हमारी निर्यात इंडस्ट्री, बाइंग कम्युनिटी और जिला प्रशासन के साथ संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास है। जब प्रशासन सहयोगी हो, खरीदार तैयार हों और उद्योग जगत सकारात्मक वातावरण में कार्य कर रहा हो, तब विकास की संभावनाएं कई गुना बढ़ जाती हैं। YES इसी उद्देश्य से एक ऐसा मंच तैयार कर रहा है जहां उद्योग, प्रशासन और व्यापार जगत के प्रतिनिधि एक साथ बैठकर विचारों का आदान-प्रदान कर सकें और उद्योगों की प्रगति के लिए नई संभावनाओं पर चर्चा कर सकें।

सरकारी योजनाओं को उद्योगों तक पहुंचाने में YES की भूमिका पर उन्होंने कहा, सरकार की अनेक योजनाएं उद्योगों के हित में बनाई जाती हैं, लेकिन अक्सर उनकी जानकारी उद्यमियों तक समय पर नहीं पहुंच पाती। इसी को ध्यान में रखते हुए हमने GMDIC के सहयोग से एक विस्तृत रेडी रेकनर तैयार किया है, जिसमें विभिन्न सरकारी योजनाओं, आवेदन प्रक्रिया, सब्सिडी और सहायता प्राप्त करने की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई गई है। इसमें हमारे सदस्य उज्ज्वल अग्रवाल और पुनीत आर्य का विशेष योगदान रहा है।

कार्यक्रम में कारीगरों और शिल्पकारों के सम्मान के लिए किए गए विशेष प्रयासों की चर्चा करते हुए जेपी सिंह ने कहा, ‘भूमि दानम् महादानम्’ हमारी संस्कृति का महत्वपूर्ण संदेश है। धन बहुत लोगों के पास होता है, लेकिन समाज के लिए कुछ कर गुजरने का भाव हर किसी के पास नहीं होता। होटल हॉलिडे रीजेंसी एवं ओम संस परिवार के प्रमुख श्री महेश चंद्र अग्रवाल ने सात ऐसे कारीगरों को भूखंडों के स्वामित्व पत्र प्रदान किए, जिन्होंने मुरादाबाद की हस्तशिल्प उद्योग को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके साथ ही प्रत्येक को ₹11,000 का मानदेय भी प्रदान किया गया।

उन्होंने आगे बताया कि शहर के दो प्रतिष्ठित पद्मश्री सम्मानित कलाकारों—दिलशाद हुसैन और बाबू राम—को भी उनके अमूल्य योगदान के लिए ₹51,000-₹51,000 की सम्मान राशि प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि यह पहल कारीगरों और शिल्पकारों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है।

कार्यक्रम में उपस्थित डॉ. राकेश कुमार के मार्गदर्शन पर बोलते हुए जेपी सिंह ने कहा, डॉ. राकेश कुमार का इस कार्यक्रम में आना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। हस्तशिल्प और निर्यात क्षेत्र में उनका अनुभव और दृष्टिकोण उद्योग जगत के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने अपने संबोधन में भविष्य की इंडस्ट्री का जो विज़न प्रस्तुत किया, वह आने वाले समय में उद्योगों को नई दिशा देने वाला साबित होगा। यदि हम उनके सुझावों को अपनाकर आगे बढ़ें, तो निश्चित रूप से मुरादाबाद और देश का हस्तशिल्प क्षेत्र नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

YES द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि उद्योग जगत, निर्यातकों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवा उद्यमियों के बीच संवाद एवं सहयोग का सशक्त मंच भी बना। कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित विभूतियों का सामूहिक ग्रुप फोटो लिया गया।

Young Entrepreneurs Society (YES) Awards 2026 ने यह संदेश दिया कि शिक्षा, नवाचार, उद्यमिता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान ही समाज को नई दिशा और युवा पीढ़ी को नई प्रेरणा प्रदान करता है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।