कारीगरों और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करेगी सरकार: सीएम योगी

टेन न्यूज नेटवर्क

Lucknow News(09/06/2026): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश तेजी से वस्त्र एवं परिधान उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। ऐसे में उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित और कुशल मानव संसाधन तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है। मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग तथा खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें रोजगारोन्मुख और उद्योगों की मांग के अनुरूप बनाया जाए। उन्होंने कहा कि बदलती तकनीक और औद्योगिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए युवाओं को आधुनिक मशीनों और नई कार्यप्रणालियों का प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए, जिससे उनके लिए बेहतर रोजगार के अवसर सृजित हो सकें।

बैठक में मुख्यमंत्री योगी ने ऑटोमेशन, अत्याधुनिक मशीनरी और टेक्निकल टेक्सटाइल जैसे उभरते क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाए ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम बन सकें।

माटीकला क्षेत्र की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने इसे प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कारीगरों को आधुनिक डिजाइन, उन्नत उपकरण, सोलर चाक, नई तकनीक और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही माटीकला उत्पादों के विपणन को मजबूत कर उनकी बाजार तक पहुंच बढ़ाने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रशिक्षण, बैंक ऋण, तकनीकी उन्नयन, विपणन और रोजगार सृजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और पारंपरिक कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करना है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।