JEE Advance 2026: बिहार के शुभम कुमार बने ऑल इंडिया टॉपर

टेन न्यूज नेटवर्क

National News (01 जून 2026): जेईई एडवांस्ड 2026 का परिणाम जारी हो गया है, जिसमें बिहार के गया निवासी शुभम कुमार ने ऑल इंडिया रैंक (AIR )-01 हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। आईआईटी दिल्ली ज़ोन से परीक्षा देने वाले शुभम ने 360 में से 330 अंक हासिल कर कॉमन रैंक लिस्ट (CRL) में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। इस वर्ष परीक्षा में कुल 56,880 अभ्यर्थी सफल हुए हैं, जिनमें 10,107 लड़कियां शामिल हैं। लड़कियों की श्रेणी में आईआईटी दिल्ली ज़ोन की आरोही देशपांडे ने पहला स्थान हासिल किया है।

कोटा ने एक बार फिर देश के सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा परिणामों में अपना दबदबा साबित किया है। पिछले दो वर्षों से कोटा में नियमित कक्षा कार्यक्रम के तहत तैयारी कर रहे शुभम कुमार ने अपनी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की। खास बात यह है कि JEE Main 2026 में शुभम की रैंक छठी थी, लेकिन एडवांस्ड परीक्षा में उन्होंने सभी प्रतिस्पर्धियों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान प्राप्त कर लिया। वहीं ऑल इंडिया रैंक-2 भी कोटा में अध्ययन करने वाले छात्र कबीर छिल्लर के नाम रही।

अपनी सफलता का श्रेय शुभम ने शिक्षकों के मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और परिवार के सहयोग को दिया है। उन्होंने बताया कि उनके शिक्षकों ने हर विषय और टॉपिक को मूलभूत स्तर से समझाया, जिससे उनके कॉन्सेप्ट मजबूत हुए। शुभम के पिता शिवकुमार व्यवसायी हैं जबकि उनकी माता कंचन देवी गृहिणी हैं। उन्होंने दसवीं कक्षा में 98.5 प्रतिशत अंक हासिल किए थे और तभी से उन्होंने आईआईटी में प्रवेश का लक्ष्य तय कर लिया था।

शुभम ने बताया कि तैयारी के दौरान वह प्रतिदिन लगभग 6 से 8 घंटे सेल्फ-स्टडी करते थे। कक्षा में पढ़ाए गए विषयों को उसी दिन दोहराना, नियमित रूप से प्रश्न हल करना और कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान देना उनकी रणनीति का अहम हिस्सा रहा। उनका कहना है कि परीक्षा की तैयारी के दौरान दबाव जरूर महसूस हुआ, लेकिन उन्होंने उसे प्रेरणा में बदलकर अपने लक्ष्य पर फोकस बनाए रखा। भविष्य में वह आईआईटी मुंबई से कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग में बीटेक करना चाहते हैं।

दूसरी ओर, जेईई एडवांस्ड 2026 में ऑल इंडिया रैंक-2 हासिल करने वाले कबीर छिल्लर ने भी अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों और माता-पिता को दिया। कबीर के पिता स्वयं आईआईटीयन हैं और एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए केवल मेहनत ही नहीं, बल्कि सही दिशा में मेहनत करना भी उतना ही जरूरी है। जेईई एडवांस्ड 2026 के नतीजों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और सही मार्गदर्शन के बल पर देश के छात्र बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।