Greater Noida News (27/05/2026): ग्रेटर नोएडा में ऑनलाइन ग्रॉसरी डिलीवरी की गुणवत्ता को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। बीटा-1 क्षेत्र में रहने वाले एक डॉक्टर को ऑनलाइन ऐप के जरिए मंगाया गया नारियल पानी और फल खराब हालत में मिले। शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित स्टोर पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में खराब खाद्य सामग्री बरामद की।
जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर जितेंद्र ने घर के उपयोग के लिए जियो मार्ट एप्लीकेशन से नारियल पानी और फल ऑर्डर किए थे। डिलीवरी मिलने के बाद जब पैकेट खोला गया तो नारियल पानी से तेज सड़ांध जैसी बदबू आने लगी। इतना ही नहीं, उसका रंग भी सामान्य से अलग दिखाई दिया। साथ आए कुछ फल भी खराब और सड़े हुए पाए गए।
डॉक्टर का कहना है कि यदि यह खाद्य सामग्री किसी ने खा या पी ली होती तो फूड पॉइजनिंग जैसी गंभीर समस्या हो सकती थी। उन्होंने बताया कि परिवार के इस्तेमाल के लिए मंगाया गया सामान इस हालत में मिलने से वे हैरान रह गए।
पीड़ित डॉक्टर ने सबसे पहले कंपनी के कस्टमर सपोर्ट से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि शुरुआत में स्टोर प्रबंधन ने सामान बदलने और समस्या का समाधान करने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में व्यवहार बदल गया। डॉक्टर का दावा है कि स्टोर के असिस्टेंट मैनेजर ने बातचीत के दौरान अभद्रता की, जिसके बाद मामला और बढ़ गया।

इसके बाद डॉक्टर ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को लिखित शिकायत दी। शिकायत मिलते ही विभाग हरकत में आया और बीटा-1 स्थित रिलायंस फ्रेश स्मार्ट स्टोर पर निरीक्षण किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जब स्टोर की जांच की तो वहां बड़ी मात्रा में खराब खाद्य सामग्री पाई गई। खाद्य सुरक्षा आयुक्त द्वितीय सुबोध कुमार के अनुसार, निरीक्षण के दौरान करीब 20 नारियल और लगभग 30 किलो तरबूज सड़ी और खराब अवस्था में मिले। विभाग ने मौके पर ही पूरे खराब स्टॉक को नष्ट करा दिया। इसके अलावा टीम ने स्टोर से पनीर का नमूना भी लिया है। इसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित स्टोर के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से मिलने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि तेजी से बढ़ती ऑनलाइन डिलीवरी सेवाओं के बीच खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन बेहद जरूरी है। खासतौर पर गर्मी के मौसम में खराब खाद्य सामग्री लोगों की सेहत के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में नियमित निरीक्षण और सख्त कार्रवाई की जाए ताकि उपभोक्ताओं की सेहत के साथ खिलवाड़ न हो सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।