Greater Noida News (20/05/2026): ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा अग्निकांड सामने आया, जहां बाजार क्षेत्र में स्थित एक दो मंजिला शोरूम में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में जूते-चप्पल और रेडीमेड कपड़ों का भारी नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, यह शोरूम व्यापारी सचिन मित्तल का बताया जा रहा है, जो तहसील परिसर के पास मोरनी वाली हवेली के पीछे बैंक वाली गली में स्थित है। भवन के निचले हिस्से में फुटवियर का कारोबार संचालित किया जाता था, जबकि पहली मंजिल पर कपड़ों का शोरूम था। इसी भवन के समीप कारोबारी का परिवार भी निवास करता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर के समय अचानक शोरूम से धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग की ऊंची लपटें बाहर तक पहुंचने लगीं, जिससे आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय दुकानदार और निवासी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के लिए अपने स्तर पर प्रयास शुरू कर दिए। लोगों ने बाल्टियों से पानी डालने के साथ मिट्टी फेंककर आग को फैलने से रोकने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से पूरे भवन में फैलती चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग सक्रिय हो गया। उत्तर प्रदेश अग्निशमन विभाग की जेवर और ग्रेटर नोएडा यूनिट से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी देर तक मशक्कत करने के बाद आग पर नियंत्रण पाया। आग इतनी भीषण थी कि उसकी तपिश से भवन का लेंटर भी क्षतिग्रस्त होकर टूट गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि अधिकारी हर पहलू से मामले की जांच कर रहे हैं। हादसे के बाद व्यापारियों में चिंता और भय का माहौल है। स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।आग बुझने के बाद जब स्थिति सामान्य हुई तो शोरूम के भीतर रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस हादसे में लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।