विदेश यात्रा से लौटते ही पीएम ने क्यों बुलाई बड़ी बैठक

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (21 मई 2026): पांच देशों की महत्वपूर्ण विदेश यात्रा पूरी कर प्रधानमंत्री Narendra Modi स्वदेश लौट आए हैं। वापसी के तुरंत बाद उन्होंने आज यानी गुरुवार को मंत्रिपरिषद की अहम बैठक बुलाई है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और उसके वैशिक आर्थिक प्रभावों के बीच हो रही इस बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इसे संभावित मंत्रिमंडल फेरबदल और सरकार की आगामी रणनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, यह इस वर्ष की पहली मंत्रिपरिषद बैठक होगी, जिसमें सभी केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और अन्य राज्य मंत्री शामिल होंगे। बैठक में विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। हाल के सरकारी फैसलों के प्रभाव, योजनाओं की प्रगति और आने वाले समय की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। साथ ही सरकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने के उपायों पर भी विचार किया जाएगा।

पश्चिम एशिया संकट के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, जिसका असर भारत में भी दिखाई देने लगा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ने की आशंकाएं भी जताई जा रही हैं। ऐसे में बैठक में ऊर्जा सुरक्षा, ईंधन आपूर्ति और आम जनता पर बढ़ती महंगाई के असर को लेकर चर्चा हो सकती है।

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और उसके भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभाव का विशेष उल्लेख कर सकते हैं। ऊर्जा, कृषि, उर्वरक, विमानन और जहाजरानी जैसे क्षेत्रों को लेकर मंत्रालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं, ताकि आम नागरिकों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े। इसके अलावा, जरूरत पड़ने पर वर्क फ्रॉम होम से जुड़े दिशा-निर्देशों पर भी विचार किया जा सकता है।

गौरतलब है कि पश्चिम एशिया संकट शुरू होने के बाद प्रधानमंत्री पहले ही संबंधित मंत्रालयों को निर्देश दे चुके हैं कि प्रभावित क्षेत्रों और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएं। ऐसे में आज की बैठक को सरकार की आगे की रणनीति तय करने और आम जनता को राहत देने वाले संभावित फैसलों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।