ट्विशा शर्मा आत्महत्या केस में नया मोड़: सास ने प्रेस वार्ता में लगाए गंभीर आरोप, जांच पर उठाए सवाल

टेन न्यूज नेटवर्क

Bhopal News (19/05/2026): पूर्व मिस पुणे और नोएडा निवासी ट्विशा शर्मा (Twisha Sharma Death Case) मौत केस की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। इस मामले में ट्विशा की सास एवं सेवानिवृत्त जिला जज गिरिबाला सिंह ने प्रेस वार्ता कर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है और उनके परिवार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।

गिरिबाला सिंह ने कहा कि ट्विशा उनके परिवार का हिस्सा थी और उसकी मौत उनके लिए गहरे सदमे जैसी है। उन्होंने दावा किया कि ट्विशा लंबे समय से मानसिक तनाव से गुजर रही थी और उसका मनोवैज्ञानिक उपचार चल रहा था। उनके अनुसार, उसे विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह पर दवाइयां दी जा रही थीं और परिवार लगातार उसका सहयोग कर रहा था।

प्रेस वार्ता के दौरान गिरिबाला सिंह ने कहा कि कम उम्र में ग्लैमर जगत से जुड़ने के कारण ट्विशा पर मानसिक दबाव बढ़ा। उनका कहना था कि इस माहौल ने उसकी मनोदशा को प्रभावित किया हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि ट्विशा पूजा-पाठ करती थी और कई बार उसका व्यवहार सामान्य से अलग देखा गया।

उन्होंने बताया कि ट्विशा की गर्भावस्था को लेकर पूरा परिवार बेहद खुश था, लेकिन गर्भपात के बाद वह मानसिक रूप से अधिक परेशान रहने लगी। इस कठिन दौर में परिवार ने उसका पूरा सहयोग किया और उसे संभालने की कोशिश की। ट्विशा की सास ने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद बीते पांच महीनों में उसके माता-पिता उससे मिलने नहीं आए। उन्होंने कहा कि अब वे अंतिम संस्कार रोककर मामले को और विवादित बना रहे हैं। उनके अनुसार, परिवार को जांच एजेंसियों पर पूरा भरोसा है और सच्चाई सामने आनी चाहिए।

गिरिबाला सिंह ने कहा कि घटना की रात परिवार को हर पल की जानकारी मिल रही थी और सूचना मिलते ही वे अस्पताल पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि परिवार ने ट्विशा को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया। वहीं, ट्विशा शर्मा के माता-पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि मौत से पहले ट्विशा ने अपनी मां को फोन कर कहा था कि वह अब यह सब सहन नहीं कर सकती।

परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था और वह मानसिक रूप से बेहद परेशान थी। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया है, जो सभी पहलुओं की जांच कर रहा है। फिलहाल इस संवेदनशील मामले में दोनों पक्षों के दावे सामने आ चुके हैं। अब सबकी नजर जांच एजेंसियों पर टिकी है, जिनकी रिपोर्ट से ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ट्विशा शर्मा की मौत के पीछे वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।