LG हाउस पर प्रदर्शन के दौरान AAP नेताओं की हुई गिरफ्तारी
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (13 May 2026): दिल्ली में 3 साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म के मामले को लेकर आम आदमी पार्टी का विरोध प्रदर्शन उस समय और गरमा गया, जब दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत कई कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। AAP ने आरोप लगाया कि पार्टी नेता और कार्यकर्ता बच्ची को न्याय दिलाने की मांग को लेकर LG हाउस के बाहर शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए भाजपा सरकार
और उपराज्यपाल पर गंभीर सवाल उठाए।
आम आदमी पार्टी ने गिरफ्तारी के बाद भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। पार्टी ने कहा, “भाजपा सरकार और दिल्ली के LG साहब की संवेदनाएं मर चुकी हैं क्या? भाजपा सरकार में बलात्कारी खुलेआम घूमते हैं और न्याय की मांग करने वालों को हिरासत में ले लिया जाता है। धिक्कार है।” AAP नेताओं का कहना है कि राजधानी में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा लगातार कमजोर हो रही है, लेकिन सरकार अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय विरोध करने वालों को दबाने में लगी है।
धरने में महिला पार्षदों, पूर्व मेयर और कई जनप्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। विधायक संजीव झा समेत कई नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले की जांच में गंभीर लापरवाही बरती, जिसके कारण आरोपी को कुछ ही दिनों में जमानत मिल गई। पार्टी का दावा है कि बच्ची के परिवार को भी दबाव और धमकियों का सामना करना पड़ा। AAP ने संबंधित DCP और SHO के खिलाफ तत्काल कार्रवाई तथा आरोपी की जमानत रद्द कराने के लिए सख्त कानूनी कदम उठाने की मांग की है।
AAP ने स्कूल प्रशासन और उससे जुड़े ट्रस्ट की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई है। पार्टी का कहना है कि पूरे मामले में कई अहम सवाल अब भी अनसुलझे हैं और सच्चाई सामने लाने के लिए स्वतंत्र जांच जरूरी है। नेताओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक बच्ची को न्याय और दोषियों को सख्त सजा नहीं मिलती, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। इस पूरे घटनाक्रम ने दिल्ली की कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर राजनीतिक माहौल को और अधिक गर्मा दिया है।
टिप्पणियाँ बंद हैं।