दिल्ली को बचाने के लिए स्टेकहोल्डर्स की भूमिका जरूरी: राजीव काकरिया | Ten Talks

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (13/05/2026): “राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में सुशासन” की अवधारणा, उसकी चुनौतियों तथा संभावनाओं पर व्यापक विमर्श को केंद्र में रखते हुए टेन न्यूज नेटवर्क (Ten News Network) द्वारा गलगोटियास विश्वविद्यालय के सहयोग से नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ़ इंडिया (Constitution Club of India) में एक विचारोत्तेजक एवं बहुआयामी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पर्यावरणविदों, शिक्षाविदों, विधिवेत्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता कर दिल्ली के समक्ष उपस्थित विविध समस्याओं, चुनौतियों एवं उनके व्यावहारिक समाधानों पर गंभीर मंथन किया।

कार्यक्रम में प्रदूषण, अपराध नियंत्रण, लोक प्रशासन, एनडीएमसी एवं एमसीडी में सुशासन, नागरिक सहभागिता तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में आरडब्ल्यूए की भूमिका जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों पर सारगर्भित चर्चा की गई। संवाद के दौरान वक्ताओं ने न केवल समस्याओं का सूक्ष्म विश्लेषण प्रस्तुत किया, अपितु सुशासन की स्थापना हेतु दूरदर्शी, व्यवहारिक एवं जनकल्याणकारी उपायों का भी उल्लेख किया, जिससे यह कार्यक्रम दिल्ली के भविष्य के लिए एक सार्थक वैचारिक पहल सिद्ध हुआ।

“सेव आवर सिटी” से जुड़े राजीव काकरिया ने कहा कि रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) से जुड़े लोग लंबे समय से दिल्ली के मुद्दों पर गंभीरता से काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ये लोग पर्दे के पीछे रहकर दस्तावेजों का अध्ययन करते हैं, तथ्यों पर शोध करते हैं और उसके बाद समस्याओं के समाधान सामने रखते हैं।

राजीव काकरिया ने कहा कि आरडब्ल्यूए आंदोलन कोई नया प्रयास नहीं है, बल्कि यह कई वर्षों से लगातार चल रहा है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं पिछले 25 वर्षों से इस आंदोलन से जुड़े हुए हैं। एक समय ऐसा भी था जब आरडब्ल्यूए को केवल सेवानिवृत्त लोगों का मंच माना जाता था।

उन्होंने कहा कि समय के साथ इस आंदोलन से विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों से जुड़े लोग भी शामिल हुए। इनमें विज्ञापन क्षेत्र के विशेषज्ञ, चार्टर्ड अकाउंटेंट और वित्तीय मामलों के जानकार लोग शामिल हैं। इन लोगों के जुड़ने से आरडब्ल्यूए गतिविधियों में पेशेवर दृष्टिकोण आया और कार्यशैली अधिक व्यवस्थित हुई।

राजीव काकरिया ने बताया कि इसके बाद विभिन्न संस्थाओं और गैर-सरकारी संगठनों ने मिलकर साझा मंच तैयार किया। उन्होंने कहा कि इस पहल के तहत कई संगठनों ने एकजुट होकर शहर से जुड़े मुद्दों पर काम करना शुरू किया।

उन्होंने कहा कि वे दिल्ली के उन नागरिकों के समूह का प्रतिनिधित्व करते हैं जो शहर की स्थिति को लेकर चिंतित हैं। इसी उद्देश्य से ‘सेव आवर सिटी कैंपेन’ चलाया जा रहा है, जिसका मकसद पूरी दिल्ली से जुड़े मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना है।

राजीव काकरिया ने कहा कि दिल्ली को ऐसे लोगों की आवश्यकता है जो खुद को इस शहर का भागीदार मानें। उनके अनुसार, जो लोग किसी स्थान से जुड़ाव महसूस करते हैं, वे उसके संरक्षण और विकास के लिए अधिक जिम्मेदारी के साथ काम करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली हमेशा से विभिन्न स्थानों से आए लोगों का शहर रही है।

उल्लेखनीय है कि इस सकारात्मक एवं अत्यंत सारगर्भित विमर्श में दिल्ली नगर निगम की डिप्टी मेयर मोनिका पंत, दिल्ली नगर निगम स्टैंडिंग कमिटी की चेयरमैन सत्या शर्मा, दिल्ली उच्च न्यायालय के पूर्व जज न्यायमूर्ति एम. एल. मेहता, स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर एवं सनातन सेवा न्यास के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवोम मिश्रा, सीबीआई के पूर्व संयुक्त निदेशक एवं उपराज्यपाल दिल्ली के पूर्व ओएसडी शांतनु सेन, सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ आदिश सी अग्रवाला, वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ ए.पी. सिंह, एसपी चेतना के अध्यक्ष अनिल सूद, एमिटी यूनिवर्सिटी की Addl Pro VC तनु जिंदल, पूर्वी दिल्ली आरडब्ल्यूए फेडरेशन से बी. एस. वोहरा, HHEWA के अध्यक्ष सीपी शर्मा, संयुक्त आरडब्ल्यूए फोरम के महासचिव पंकज अग्रवाल, CORWA के एन पी सिंह, समाजसेवी नेहा पुरी सहित अनेक विशिष्ट विद्वान, समाजसेवी, विधिवेत्ता, शिक्षाविद् एवं प्रबुद्ध अतिथिगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की विशेष महत्ता इस तथ्य से भी परिलक्षित हुई कि इसमें राजधानी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे सैकड़ों जागरूक एवं चिंतनशील नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर संवाद को और अधिक सारगर्भित, जनोन्मुख एवं उद्देश्यपूर्ण बनाया। चर्चा के दौरान उपस्थित वक्ताओं एवं नागरिकों ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के समक्ष विद्यमान समस्याओं एवं चुनौतियों पर गंभीर विमर्श करते हुए सुशासन, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं जनसहभागिता आधारित समाधान की दिशा में अपने बहुमूल्य विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए। यह संवाद निःसंदेह दिल्ली के सर्वांगीण, संतुलित एवं जनकल्याणकारी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण वैचारिक पहल सिद्ध हुआ।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।