New Delhi News (03 May 2026): दिल्ली में पूर्वांचल और बिहार से आए लोगों के खिलाफ बढ़ती हिंसा और भेदभाव के मामलों ने सियासी माहौल को गरमा दिया है। हाल ही में पांडव कुमार की हत्या के बाद यह मुद्दा और गंभीर हो गया है, जिसमें आरोप है कि युवक को सिर्फ उसकी ‘बिहारी’ पहचान के कारण निशाना बनाया गया। इस घटना ने न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि राजधानी में सामाजिक सौहार्द को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। इसी के विरोध में आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आवास के बाहर प्रदर्शन किया और सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान आम आदमी पार्टी के विधायक अनिल झा ने कहा, “पूर्वांचलियों का अपमान अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दिल्ली में पूर्वांचल और बिहार से आए लोगों के खिलाफ बढ़ती नफरत बेहद चिंताजनक है। सिर्फ पहचान के आधार पर हिंसा और भेदभाव किसी भी समाज के लिए शर्मनाक है।” उन्होंने पांडव कुमार की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि यह घटना समाज में फैल रही नफरत का खतरनाक संकेत है।
वहीं, विधायक संजीव झा ने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “दिल्ली में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है, लेकिन सरकार चैन की नींद सो रही है। मुख्यमंत्री जी दूसरे राज्यों में ‘जंगलराज’ की बात करती हैं, जबकि हकीकत यह है कि आज दिल्ली खुद उसी दौर से गुजर रही है।” उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब दिल्ली और केंद्र दोनों जगह एक ही दल की सरकार है, तो आखिर जवाबदेही किसकी है।
आम आदमी पार्टी ने इस घटना को समाज में बढ़ती नफरत का परिणाम बताते हुए कहा कि अब लोगों को उनके नाम, जाति और राज्य के आधार पर निशाना बनाया जा रहा है। अनिल झा ने कहा, “यह सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि उस नफरत का परिणाम है जो समाज में बोई जा रही है। दिल्ली नफरत से नहीं, मोहब्बत और इंसाफ से चलेगी, और जब तक न्याय नहीं मिलेगा, हम आवाज उठाते रहेंगे।”
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।