LG ने ICCC का दौरा कर हीटवेव तैयारियों का लिया जायज़ा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News( 28 अप्रैल 2026): दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने मंगलवार को नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के पालिका केंद्र स्थित एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केंद्र (ICCC) का दौरा कर स्मार्ट गवर्नेंस प्रणाली की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और राजधानी में जारी भीषण गर्मी (हीटवेव) से निपटने की तैयारियों का जायज़ा लिया। इस दौरान उनके साथ नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज, एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, परिषद सदस्य दिनेश प्रताप सिंह व अनिल वाल्मीकि तथा सचिव राहुल सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों ने उपराज्यपाल को ICCC के जरिए संचालित नागरिक-केंद्रित डिजिटल सेवाओं और ग्रीष्मकालीन एक्शन प्लान की विस्तृत जानकारी दी।

उपराज्यपाल ने एनडीएमसी की उन्नत शहरी प्रबंधन प्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि दिल्ली न केवल देश की राजधानी है, बल्कि विकसित भारत के विज़न को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाती है। उन्होंने एनडीएमसी से अपेक्षा जताई कि वह देश के अन्य शहरों के लिए स्मार्ट और नागरिक-केंद्रित शासन का मॉडल प्रस्तुत करे। साथ ही उन्होंने हर संभव सहयोग का भरोसा देते हुए कहा कि दिल्ली को नवाचार, सतत विकास और प्रभावी सेवा वितरण में अग्रणी बनाए रखना आवश्यक है।
हीटवेव प्रबंधन पर विशेष जोर देते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि वर्तमान मौसम चुनौतीपूर्ण है और यह व्यवस्थाओं की वास्तविक परीक्षा भी है। उन्होंने सभी एजेंसियों को सर्वोत्तम प्रथाएं अपनाने और अन्य शहरों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने आगामी मानसून को देखते हुए जलभराव जैसी समस्याओं के समाधान के लिए अभी से तैयारी शुरू करने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि उपराज्यपाल का स्वयं दौरा करना नागरिकों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि एनडीएमसी उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए पूरी दक्षता और समर्पण के साथ कार्य करता रहेगा।

एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा ने बताया कि ICCC की शुरुआत सितंबर 2020 में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत की गई थी और आज यह 49 से अधिक नागरिक सेवाओं को एक प्लेटफॉर्म पर जोड़ने वाला महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। इसमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्ट्रीट लाइटिंग, पार्किंग, सीवेज ट्रीटमेंट, स्वच्छता और आपातकालीन सेवाएं शामिल हैं।

वहीं उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने ICCC को “नई दिल्ली का डिजिटल मस्तिष्क” बताते हुए कहा कि यह केंद्र सीसीटीवी निगरानी, वायु गुणवत्ता सेंसर, स्मार्ट स्ट्रीट लाइट और ट्रैफिक नेटवर्क से मिलने वाले रियल-टाइम डेटा को एकीकृत करता है। “सिंगल पेन ऑफ ग्लास” मॉडल के जरिए त्वरित और डेटा-आधारित निर्णय लिए जाते हैं, जिससे सार्वजनिक सुरक्षा, सेवा वितरण और आपातकालीन प्रतिक्रिया में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। जीआईएस मैपिंग, स्काडा सिस्टम और जीपीएस-आधारित कचरा प्रबंधन जैसी तकनीकों ने शहरी प्रशासन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।

दौरे के दौरान हीटवेव एक्शन प्लान की भी समीक्षा की गई, जिसमें महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और श्रमिकों जैसे संवेदनशील वर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। एनडीएमसी सचिव राहुल सिंह ने बताया कि ICCC स्कूलों, अस्पतालों, डिस्पेंसरी, सेवा केंद्रों, क्रेच और पार्कों में पानी की उपलब्धता की लगातार निगरानी कर रहा है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एक समर्पित डॉक्टर की तैनाती भी की गई है।

इसके अलावा एनडीएमसी ने विभिन्न विभागों को निर्देश जारी कर फील्ड स्टाफ के लिए ओआरएस, स्वच्छ पेयजल, सुरक्षा उपकरण और कार्य समय में बदलाव सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि तेज गर्मी में जोखिम को कम किया जा सके। साथ ही सोशल मीडिया और आईईसी गतिविधियों के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। समग्र रूप से, एनडीएमसी का एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केंद्र केवल तकनीकी नवाचार नहीं, बल्कि एक स्मार्ट, सुरक्षित और नागरिक-प्रथम नई दिल्ली की दिशा में उठाया गया मजबूत कदम है, जो शहर को रियल-टाइम जरूरतों के अनुसार संचालित और विकसित करने में अहम भूमिका निभा रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।