New Delhi News (27 April 2026): देश के सबसे प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में शामिल एम्स दिल्ली को नया नेतृत्व मिल गया है। वरिष्ठ एंडोक्राइनोलॉजिस्ट डॉ. निखिल टंडन को एम्स का कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया है। वह फिलहाल संस्थान में एंडोक्रायनोलॉजी विभाग के प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं और चिकित्सा क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए भारत सरकार उन्हें पद्मश्री सम्मान से भी सम्मानित कर चुकी है। उनकी नियुक्ति को AIIMS प्रशासन और स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
इस नियुक्ति से ठीक पहले एम्स के मौजूदा निदेशक एम. श्रीनिवास को नीति आयोग का सदस्य बनाया गया है, जो प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में काम करता है। इस बदलाव के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा की ओर से डॉ. निखिल टंडन को कार्यकारी निदेशक बनाए जाने की आधिकारिक घोषणा की गई। इससे पहले प्रोफेसर एम. श्रीनिवास का कार्यकाल भी विशेष परिस्थितियों में शुरू हुआ था, जब उन्हें आंध्र प्रदेश से स्थानांतरित कर सीधे एम्स दिल्ली का निदेशक बनाया गया था।
बताया जा रहा है कि यह नियुक्ति फिलहाल अस्थायी है और जब तक एम्स के निदेशक पद पर स्थायी नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक डॉ. टंडन ही कार्यकारी निदेशक के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके पास लंबे समय का अकादमिक और प्रशासनिक अनुभव है, जिससे उम्मीद की जा रही है कि संस्थान की कार्यप्रणाली में निरंतरता बनी रहेगी। साथ ही, मरीजों की सेवा और चिकित्सा अनुसंधान के क्षेत्र में भी नई गति मिलने की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि एम्स दिल्ली न केवल देश का शीर्ष चिकित्सा संस्थान है, बल्कि यह राष्ट्रीय स्तर पर स्वास्थ्य नीतियों के निर्माण और अन्य एम्स संस्थानों के संचालन में भी अहम भूमिका निभाता है। यहां तय किए गए इलाज के प्रोटोकॉल और प्रबंधन मॉडल पूरे देश में लागू होते हैं। ऐसे में डॉ. निखिल टंडन की नियुक्ति को स्वास्थ्य क्षेत्र में एक रणनीतिक और दूरगामी निर्णय माना जा रहा है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।