महाकुंभ: संगम में मची भगदड़ 14 लोगों की मृत्यु एवं 50 से ज्यादा लोग घायल
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (29 जनवरी 2025): प्रयागराज के संगम तट पर मौनी अमावस्या के शाही स्नान के दौरान भगदड़ मचने की खबरें सामने आई हैं, जिसमें 14 से अधिक लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। भीड़ के अत्यधिक दबाव के कारण बैरिकेडिंग टूटने से यह हादसा हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सुबह पांच बजे शाही स्नान होना था, जिसके लिए पुलिस ने टूटी बैरिकेडिंग की मरम्मत करवाकर रास्ता साफ किया था।
भगदड़ के बाद प्रशासन के अनुरोध पर सभी 13 अखाड़ों ने आज मौनी अमावस्या का अमृत स्नान रद्द कर दिया है। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी ने कहा कि संगम नोज पर अधिक भीड़ के कारण यह फैसला लिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर घटना की जानकारी ली।
अफवाह के चलते संगम नोज पर भगदड़ मची। कुछ महिलाएं जमीन पर गिर गईं और लोग उन्हें कुचलते हुए निकल गए। हादसे के बाद 70 से ज्यादा एंबुलेंस संगम तट पर पहुंचीं, जिनसे घायलों और मृतकों को अस्पताल ले जाया गया।
हादसे के बाद संगम तट पर एनएसजी कमांडो ने मोर्चा संभाल लिया। संगम नोज इलाके में आम लोगों की एंट्री बंद कर दी गई है। भीड़ और न बढ़े, इसलिए प्रयागराज शहर की सीमा वाले सभी जिलों में श्रद्धालुओं की एंट्री रोक दी गई है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें और अफवाहों पर ध्यान न दें। घायलों के उपचार के लिए अस्पतालों में विशेष व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और सुरक्षा उपायों की समीक्षा की जा रही है।
टिप्पणियाँ बंद हैं।