गाजियाबाद के कनवानी गांव में भीषण आग का तांडव, 500 से अधिक झुग्गियां चपेट में

टेन न्यूज नेटवर्क

Ghaziabad News (16/04/2026): गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित कनवानी गांव में गुरुवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 500 से अधिक झुग्गी-झोपड़ियां इसकी चपेट में आ गईं। आग लगने के बाद झुग्गियों में रखे घरेलू गैस सिलेंडर एक-एक कर फटने लगे, जिससे पूरे इलाके में जोरदार धमाकों की आवाजें गूंजने लगीं और लोगों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे अचानक झुग्गी बस्ती के एक हिस्से से धुआं उठना शुरू हुआ, जिसके बाद तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका घने धुएं और आग की लपटों से घिर गया। आग से उठता काला धुआं करीब 10 किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के क्षेत्रों में भी चिंता का माहौल बन गया।

आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने नोएडा से भी अतिरिक्त दमकल वाहन मंगवाए हैं। दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं।

उधर, पुलिस और प्रशासन की टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए झुग्गी बस्ती के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया। कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात कर दी गई है ताकि राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए। स्थानीय लोग अपने घरों से जरूरी सामान और गैस सिलेंडर लेकर सुरक्षित जगहों की ओर भागते नजर आए।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अभी तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि कई परिवारों का सामान आग में जलकर राख हो गया है। प्रशासन ने आसपास के घरों को भी एहतियातन खाली करा दिया है, ताकि आग के फैलने की स्थिति में किसी तरह की जनहानि न हो। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही घटना के कारणों की जांच की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और बेचैनी का माहौल है, वहीं राहत और बचाव टीमें लगातार स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई हैं।

गाजियाबाद के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांडड (Ravindra Kumar Mandad) ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही सात दमकल गाड़ियां (Fire Tenders) मौके पर भेजी गईं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। उन्होंने कहा कि अब आग फैलने की कोई संभावना नहीं है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में (Situation Under Control) है।

जिलाधिकारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर मौके पर एंबुलेंस (Ambulance) भी तैनात की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्रदान की जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल किसी के लापता (Missing) होने या किसी तरह की जनहानि (Casualties) की कोई सूचना नहीं मिली है।

प्रशासन ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के लापता होने की शिकायत आती है तो पूरे क्षेत्र का सर्वे (Survey) किया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।