आंदोलन के बीच फैक्ट्रियों में तोड़फोड़ और आगजनी, लघु उद्योग भारती ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (14/04/2026): ग्रेटर नोएडा में पिछले कुछ दिनों से चल रहे श्रमिक आंदोलन के बीच 13 अप्रैल 2026 को कई फैक्ट्री मालिकों को भारी नुकसान झेलना पड़ा। लघु उद्योग भारती के अनुसार, हालात को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा का भरोसा दिए जाने के बावजूद अचानक बड़ी भीड़ के इकट्ठा होने से कई औद्योगिक इकाइयों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आईं।

लघु उद्योग भारती के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने बताया कि 12 अप्रैल 2026 को संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर औद्योगिक क्षेत्र में चल रहे आंदोलन और संभावित स्थिति को लेकर चर्चा की थी। उस समय प्रशासन की ओर से राज्य मशीनरी के माध्यम से हर संभव सहयोग और सुरक्षा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था। साथ ही एक नोटिस जारी कर उसे फैक्ट्रियों के मुख्य द्वार पर चस्पा करने के निर्देश दिए गए थे, ताकि उद्योगों में कामकाज सामान्य रूप से जारी रह सके।

फैक्ट्री संचालकों को यह भी भरोसा दिलाया गया था कि किसी भी आपात स्थिति में कॉल पर पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराया जाएगा। पुलिस आयुक्त को भी पूरी स्थिति की जानकारी होने की बात कही गई थी। इसी भरोसे के आधार पर औद्योगिक इकाइयों को उत्पादन जारी रखने और फैक्ट्रियां खुली रखने के लिए कहा गया था।

हालांकि 13 अप्रैल को अचानक बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ औद्योगिक क्षेत्रों में इकट्ठा हो गई, जिससे कई फैक्ट्री मालिकों में घबराहट फैल गई। स्थिति बिगड़ने पर फैक्ट्री संचालकों ने अलग-अलग प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस हेल्पलाइन और अन्य संबंधित अधिकारियों को फोन कर मदद मांगी। संगठन का कहना है कि अधिकारी पूरे दिन सक्रिय रहे और नुकसान को रोकने की कोशिश करते रहे, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल मौके पर न होने के कारण कई उद्योगपतियों को भीड़ का सामना करना पड़ा।

लघु उद्योग भारती के अनुसार, कुछ स्थानों पर भीड़ ने फैक्ट्रियों की मशीनरी को नुकसान पहुंचाया, परिसर में खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी और कई जगहों पर कांच तोड़ दिए। आरोप है कि कुछ लोग फैक्ट्री कार्यालयों में घुस गए और हंगामा करते हुए प्रबंधन को धमकी दी कि यदि आने वाले दिनों में फैक्ट्रियां खोली गईं तो उन्हें आग के हवाले कर दिया जाएगा।

संगठन ने इन घटनाओं की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि अधिकांश उद्योगपति समय पर कर्मचारियों को वेतन देते हैं और अपने स्टाफ के साथ सम्मानजनक व्यवहार रखते हैं। कई फैक्ट्रियों में कर्मचारियों के साथ त्योहार मनाने, बोनस देने और उनके सुख-दुख में शामिल होने की परंपरा भी रही है।

लघु उद्योग भारती का कहना है कि इस तरह की हिंसक घटनाओं में शामिल लोग जिले के औद्योगिक माहौल और श्रमिक-प्रबंधन संबंधों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि औद्योगिक क्षेत्रों में शांति और भरोसा कायम रखा जा सके। संगठन ने यह भी कहा कि, वर्तमान परिस्थितियों में उद्योग जगत के सभी सदस्य एकजुट होकर एक-दूसरे का सहयोग कर रहे हैं और प्रशासन से उम्मीद है कि जल्द ही हालात पूरी तरह सामान्य किए जाएंगे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।