वेतन बढ़ाने की मांग पर भड़का श्रमिकों का गुस्सा, सूरजपुर की कंपनी के बाहर धरना प्रदर्शन

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (13 अप्रैल 2026): गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा स्थित सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक निजी कंपनी के श्रमिकों ने न्यूनतम वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया। श्रमिकों का कहना है कि सरकार द्वारा तय किए गए वेतनमान के बावजूद कंपनी प्रबंधन उनकी सैलरी में बढ़ोतरी नहीं कर रहा है, जिसके कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन को मौके पर पुलिस बल तैनात करना पड़ा। वहीं, गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने श्रमिकों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए उद्योगों को श्रम कानूनों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।

धरना प्रदर्शन के दौरान टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में आयुष एंटरप्राइज में कार्यरत श्रमिक अजय चौधरी ने बताया कि उनका मौजूदा वेतन 13,480 रुपये है, जबकि सरकार द्वारा तय न्यूनतम वेतन 15,220 रुपये है। उनका कहना है कि सरकार के निर्देशों के बावजूद कंपनी ने उनके वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं की है। हालांकि उन्होंने बताया कि उन्हें ओवरटाइम का भुगतान दुगुना मिलता है, लेकिन मूल वेतन में वृद्धि न होने से उनकी आर्थिक स्थिति पर असर पड़ रहा है।
वहीं, एक अन्य श्रमिक मोनू ने आरोप लगाया कि कंपनी में कर्मचारियों के साथ सख्त व्यवहार किया जाता है और कई बार बाथरूम जाने तक में रोक-टोक की जाती है। उन्होंने कहा कि वे पिछले दो वर्षों से कंपनी में काम कर रहे हैं, लेकिन वेतन में बढ़ोतरी नहीं हुई। बढ़ती महंगाई के कारण घर चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि पहले उनका मकान किराया 2,700 रुपये था, जो अब बढ़कर 3,000 रुपये हो गया है और इसके अलावा बिजली का बिल अलग से देना पड़ता है। श्रमिकों का कहना है कि जब सरकार ने वेतन तय किया है तो कंपनियों को उसका पालन करना चाहिए।

प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों ने बताया कि वे सुबह सात बजे से भूखे-प्यासे धरने पर बैठे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि पुलिस प्रशासन मौके पर आ-जा रहा है, लेकिन उनकी समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है।

श्रमिकों ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन की ओर से कहा जाता है कि जिसे काम करना है वह अंदर आए, अन्यथा अपने घर चला जाए। उनका दावा है कि करीब डेढ़ साल से उनका वेतन नहीं बढ़ाया गया है और उन्हें काम छोड़ने की धमकी भी दी जाती है।

श्रमिकों ने यह भी बताया कि कंपनी में मोबाइल फोन के पार्ट्स बनाए जाते हैं और कर्मचारियों को अंदर मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं है। इसके कारण अगर वे देर से घर पहुंचते हैं तो अपने परिवार को सूचना तक नहीं दे पाते। श्रमिकों का कहना है कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी हो जाए तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।

दूसरी ओर कंपनी के एक अधिकारी ने टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में कहा कि कर्मचारियों को सरकार के नियमानुसार वेतन दिया जा रहा है और उनके खाने-पीने की भी उचित व्यवस्था की जाती है। हालांकि श्रमिकों ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि यदि वेतन वास्तव में बढ़ाया गया होता तो उन्हें धरना देने की जरूरत ही नहीं पड़ती। उनका कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर कर्मचारियों को डांट-फटकार और नौकरी से निकालने की धमकी देना भी आम बात है।

सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र में हुई यह घटना श्रमिकों के बीच बढ़ते असंतोष को दर्शाती है। श्रमिकों का कहना है कि उनकी मांग सिर्फ इतना है कि उन्हें सरकार द्वारा तय न्यूनतम वेतन दिया जाए। ऐसे में प्रशासन और उद्योगों के बीच संवाद स्थापित कर श्रमिकों की समस्याओं का समाधान निकालना जरूरी हो गया है, ताकि औद्योगिक विकास के साथ-साथ श्रमिकों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।