लखनऊ में NIC 2026 कार्यक्रम में बोले सीएम योगी: “स्वस्थ नागरिक से ही बनेगा मजबूत भारत”

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Uttar Pradesh News ( 11 April 2026): उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेई मेडिकल यूनिवर्सिटी में आयोजित “कार्डियोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया” के NIC 2026 कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिरकत की। यह उनका इस विश्वविद्यालय में पहला आधिकारिक दौरा था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि इस संस्थान का उद्घाटन उन्होंने पहले वर्चुअल माध्यम से किया था, लेकिन अब यहां आकर उन्हें विशेष संतोष और गर्व की अनुभूति हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश का पहला ऐसा विश्वविद्यालय है, जिससे राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों को संबद्ध (Affiliate) किया गया है। उन्होंने प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार पर जोर देते हुए टेली-कंसल्टेंसी और टेली-आईसीयू जैसी आधुनिक सेवाओं को और अधिक संस्थानों तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में राज्य के मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर में तेजी से वृद्धि हुई है, जहां पहले केवल 17 मेडिकल कॉलेज थे, अब उनकी संख्या बढ़कर 81 हो गई है। साथ ही, प्रदेश में दो एम्स भी पूरी तरह से संचालित हो रहे हैं।

सीएम योगी ने प्रदेश के प्रमुख अस्पतालों में मरीजों की बढ़ती संख्या का जिक्र करते हुए बताया कि किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में रोजाना 12,000 से 14,000 और संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में 10,000 से 11,000 मरीज ओपीडी में आते हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के चलते उत्तर प्रदेश अब ‘बीमारू’ राज्यों की श्रेणी से बाहर निकल चुका है।

उन्होंने आयुष्मान भारत योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना की सराहना करते हुए कहा कि जो लोग आयुष्मान भारत से वंचित रह गए थे, उन्हें राज्य सरकार ने अपनी योजना के तहत कवर किया है। मुख्यमंत्री राहत कोष से करीब 1400 करोड़ रुपये गरीब मरीजों के इलाज के लिए दिए गए हैं। इसके साथ ही शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्कर्स और रसोइयों को भी इन योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बढ़ती हृदय संबंधी बीमारियों पर चिंता जताई और कहा कि अत्यधिक स्मार्टफोन उपयोग से भी कई स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं, जिन पर विशेषज्ञों को शोध करना चाहिए। उन्होंने लोगों को संतुलित दिनचर्या, नियमित व्यायाम और पौष्टिक आहार अपनाने की सलाह दी और कहा कि केवल दवाइयों से ही स्वास्थ्य बेहतर नहीं हो सकता।

सीएम योगी ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अपनी सरकार की सख्ती का जिक्र करते हुए बताया कि दिवाली के दौरान डेयरी प्रतिष्ठानों पर छापेमारी में हजारों कुंतल मिलावटी सामग्री जब्त की गई थी। उन्होंने लोगों को ऐसे खाद्य पदार्थों से बचने की अपील की।

इसके अलावा, उन्होंने राज्य में मेडिकल डिवाइस पार्क और फार्मा पार्क के निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं ऐसी होनी चाहिए, जिससे गरीब से गरीब व्यक्ति को भी लाभ मिल सके।

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को बीमारियों से मुक्त और सशक्त बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा, “एक स्वस्थ नागरिक से ही स्वस्थ समाज और एक मजबूत भारत का निर्माण संभव है।”


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।