Uttar Pradesh News (07 April 2026): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी के कार्यक्रम में मीडिया जगत के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने मान्यता प्राप्त पत्रकारों को कैशलैस स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने की बात कही, साथ ही आवासीय योजनाओं और पहचान पत्र (आई-कार्ड) जैसी सुविधाओं को भी सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पत्रकारों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनके लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता के विभिन्न स्वरूपों- प्रिंट, विजुअल, डिजिटल और सोशल मीडिया का उल्लेख करते हुए कहा कि पत्रकारिता पर किसी प्रकार की लगाम लगाने के बजाय उसे मूल्यों और आदर्शों के साथ आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने मीडिया कर्मियों को समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने और अशांति फैलाने वाले तत्वों से सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य राष्ट्र सेवा और समाज सेवा रहा है, जिसे आगे भी बनाए रखना जरूरी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का भी जिक्र किया और कहा कि भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए राज्य और देश को विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे सच्चाई और तथ्यों के आधार पर खबरें प्रस्तुत करें, जिससे लोकतंत्र और अधिक मजबूत हो सके।
उन्होंने हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्षों के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 30 मई 1826 को उदन्त मार्तण्ड के प्रकाशन के साथ कोलकाता से हिंदी पत्रकारिता की शुरुआत हुई थी, जिसका श्रेय जुगल किशोर शुक्ल को जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान महात्मा गांधी, बाल गंगाधर तिलक, गणेश शंकर विद्यार्थी और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महान नेताओं ने पत्रकारिता को जनजागरण का सशक्त माध्यम बनाया।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब को सरकार की ओर से एक भव्य भवन उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों की कड़ी मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो देशवासियों की आवाज को प्रभावी तरीके से उठाने का कार्य करता है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।