सूरजपुर के ऐतिहासिक बाराही मेला-2026 में तीसरे दिन छाया सांस्कृतिक उत्सव
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (05/04/2026): ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित ऐतिहासिक और प्राचीन बाराही मेला-2026 के तीसरे दिन शुक्रवार रात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मेले के माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। देर रात तक चले इन कार्यक्रमों में हजारों की संख्या में पहुंचे दर्शकों ने लोक संस्कृति, संगीत और हास्य से भरपूर प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया।
रात्रिकालीन सांस्कृतिक मंच पर हरियाणा के प्रसिद्ध कलाकार राजा चौधरी के आरसीएफ डांस ग्रुप ने शानदार नृत्य और गीत-संगीत की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। राजा चौधरी के निर्देशन और कोरियोग्राफर हेमलता चौधरी के मार्गदर्शन में कलाकारों ने लोक संस्कृति से जुड़ी कई आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में सत्यम पागल (राजस्थानी) सहित अन्य कलाकारों ने लोक कला मंच और संस्कृति मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रस्तुत किए गए कॉमेडी गीतों ने दर्शकों को खूब हंसाया और पूरे पंडाल में उल्लास का माहौल बना दिया।
इसी क्रम में आयोजित रागनी कार्यक्रम में मनोज कारना एंड पार्टी के कलाकारों ने भी शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना हासिल की। इस प्रस्तुति में दीपा चौधरी समेत कई लोक कलाकारों ने पारंपरिक रागनियां सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दीपक चौधरी की महाभारत प्रसंग पर आधारित रागनी “द्रोपदी चीर हरण – तेरी बातों का ओ तिरिया जिगर में घाव गहरा है…” रही, जिसे सुनकर दर्शक भावुक हो उठे। वहीं राजकुमारी चंद्रकिरण के प्रसंग पर आधारित रागनी “बाबाजी भोली भाली शान का, नाथ पर कुर्बान…” की प्रस्तुति ने पूरे पंडाल को तालियों की गूंज से भर दिया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर शिव मंदिर सेवा समिति, सूरजपुर की ओर से सभी रागनी कलाकारों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
समिति के अध्यक्ष धर्मपाल भाटी (प्रधान) ने कहा कि बाराही मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और परंपरा का प्रतीक भी है। उन्होंने बताया कि समिति का प्रयास है कि हर वर्ष मेले को और अधिक भव्य, सुव्यवस्थित और जनसहभागिता से परिपूर्ण बनाया जाए। महासचिव ओमवीर सिंह बैसला ने बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सहित सभी आवश्यक प्रबंध मजबूत किए गए हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर कार्यक्रमों का आनंद लेने की अपील की।
मीडिया प्रभारी मूलचंद शर्मा ने जानकारी दी कि 5 अप्रैल 2026 को मेले में ज्ञानेंद्र सरदाना एंड पार्टी द्वारा विशेष रागनी कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। इस कार्यक्रम में संध्या चौधरी (पलवल), वंशिका चौधरी, डिंपल चौधरी, सचिन नागर, दिनेश पीलवान, वेदपाल बसैड़ा और अर्पित भाटी सहित कई कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
इस अवसर पर शिव मंदिर सेवा समिति के धर्मवीर तंवर, महाराज सिंह उर्फ पप्पू, तोलाराम, केडी गुर्जर, देव शर्मा, रुपेश चौधरी, राजकुमार नागर, रघुवीर (जेसीबी वाले), विशाल गोयल सहित कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बाराही मेला-2026 का यह आयोजन क्षेत्र की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।