ग्रेटर नोएडा की सोसाइटी में आवारा कुत्ते का हमला, रक्षा मंत्रालय के पूर्व अधिकारी गंभीर रूप से घायल

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (04/04/2026): ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र स्थित अजनारा पनोरमा सोसाइटी में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। शुक्रवार को सोसाइटी परिसर में टहल रहे रक्षा मंत्रालय के पूर्व अधिकारी पर एक आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में अधिकारी को शरीर के कई हिस्सों में गहरे जख्म आए हैं। परिजनों के अनुसार कुत्ते ने उन्हें करीब 13 जगहों पर काट लिया, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के बाद सोसाइटी में रहने वाले लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। जानकारी के अनुसार अजनारा पनोरमा सोसाइटी में रहने वाले डॉ. दीर्घ नारायण भारतीय सिविल सेवा के 1977 बैच के अधिकारी रह चुके हैं। उन्होंने करीब 27 वर्षों तक रक्षा मंत्रालय में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। फिलहाल वे अपनी पत्नी के साथ पिछले लगभग दो महीनों से इस सोसाइटी में रह रहे हैं।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम डॉ. नारायण अपनी पत्नी के साथ सोसाइटी परिसर में रोज की तरह टहल रहे थे। इसी दौरान एक आवारा कुत्ता अचानक उनकी ओर झपटा और हमला कर दिया। डॉ. नारायण ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुत्ता लगातार उन पर झपटता रहा और कई बार काट लिया।

हमले के दौरान डॉ. नारायण की पत्नी ने कुत्ते को भगाने की काफी कोशिश की, लेकिन कुत्ता आक्रामक बना रहा। इसके बाद उन्होंने जोर-जोर से शोर मचाया, जिससे आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने किसी तरह कुत्ते को वहां से भगाया और घायल अधिकारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल डॉ. नारायण को ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल, यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

सोसाइटी में रहने वाले निवासियों का कहना है कि अजनारा पनोरमा में करीब 50 परिवार रहते हैं और यहां लंबे समय से आवारा कुत्तों की समस्या बनी हुई है। लोगों के मुताबिक संबंधित अधिकारियों और यमुना विकास प्राधिकरण को लिखित शिकायतें भी दी गई हैं, लेकिन अब तक इस समस्या के समाधान नहीं हुआ है। निवासियों का आरोप है कि आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए सोसाइटी परिसर में निकलना भी जोखिम भरा हो गया है।

घटना के बाद परिजनों और सोसाइटी के लोगों ने दनकौर पुलिस को शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। साथ ही यमुना प्राधिकरण से भी आवारा कुत्तों को पकड़ने और उन्हें शेल्टर होम में भेजने की व्यवस्था को प्रभावी तरीके से लागू करने की अपील की गई है। निवासियों का कहना है कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के बावजूद कई जगहों पर आवारा कुत्तों के नियंत्रण को लेकर व्यवस्था ठीक से लागू नहीं हो पा रही है। ऐसे में यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।