YEIDA इलेवन ने ग्रेटर नोएडा इलेवन को 34 रनों से हराया, सौरभ नागर बने ‘मैन ऑफ द मैच
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (25 जनवरी 2025): शहीद विजय सिंह पथिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट ग्राउंड पर शनिवार को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर एक रोमांचक टी-20 क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इस मुकाबले में यमुना प्राधिकरण (यीडा) इलेवन ने ग्रेटर नोएडा इलेवन को 34 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
मैच का टॉस एसीईओ प्रेरणा सिंह और श्रीलक्ष्मी वी. एस. की उपस्थिति में हुआ, जिसमें ग्रेटर नोएडा इलेवन के कप्तान अभिषेक पाठक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए यीडा इलेवन के कप्तान शैलेन्द्र भाटिया और विनोद की जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 77 रन जोड़े। 12वें ओवर में पहला झटका शैलेन्द्र भाटिया के रूप में लगा, जिन्होंने 18 रन बनाए। दूसरे विकेट के रूप में विनोद आउट हुए, लेकिन उन्होंने 32 गेंदों में 56 रन (5 चौके, 4 छक्के) की तेज़तर्रार पारी खेली।
इसके बाद अजय शर्मा (10 रन) और तनवीर (19 रन) ने स्कोर को आगे बढ़ाया। वहीं, सौरभ नागर ने सिर्फ 19 गेंदों में ताबड़तोड़ 53 रन बनाकर यीडा इलेवन को एक मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। सौरभ सिंह 7 रन पर नाबाद रहे। इस तरह यीडा इलेवन ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 176 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। ग्रेटर नोएडा की ओर से बुध ने 2 विकेट, जबकि सुंदर कसाना और कृष्णा ने 1-1 विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी ग्रेटर नोएडा इलेवन की टीम 19.1 ओवर में 142 रन पर सिमट गई। कप्तान अभिषेक पाठक ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाए, जबकि विवेक (23 रन), गौरव बघेल (18 रन), सुंदर कसाना (20 रन) और नितीश (26 रन) का योगदान रहा। हालांकि, यीडा इलेवन के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की और देवदत्त ने 4 विकेट, जबकि सौरभ नागर ने 2, नसीम खान, विनोद, अचल और अजय शर्मा ने 1-1 विकेट लेकर टीम को जीत दिलाई।
इस शानदार प्रदर्शन के लिए सौरभ नागर को ‘मैन ऑफ द मैच’ का खिताब दिया गया। विजेता टीम यीडा इलेवन के कप्तान शैलेन्द्र भाटिया और उनकी टीम को एसीईओ ग्रेटर नोएडा प्रेरणा सिंह, श्रीलक्ष्मी वी. एस., जीएम प्रोजेक्ट ए. के. सिंह और एसीईओ यमुना प्राधिकरण कपिल सिंह ने बधाई दी।
मैच के अंत में दोनों कप्तानों, शैलेन्द्र भाटिया और अभिषेक पाठक ने इस आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया और गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर इस खेल भावना से भरपूर मुकाबले को यादगार बताया।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।