Noida International Airport विस्तार: प्रभावित किसानों के मुआवजे को लेकर डीएम की बैठक

टेन न्यूज नेटवर्क

Jewar News (02/04/2026): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के विस्तारीकरण स्टेज-2/फेज-2 एवं स्टेज-2/फेज-3 के लिए भूमि अर्जन के अंतर्गत जेवर तहसील के 14 ग्रामों की अर्जित/अधिनिर्णीत 1838.4176 हेक्टेयर भूमि के प्रतिकर वितरण के संबंध में बुधवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

बैठक में जिलाधिकारी मेधा रूपम द्वारा अर्जन से प्रभावित कृषकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रतिकर वितरण की कार्यवाही को पारदर्शी एवं शीघ्र संपन्न कराने तथा प्रक्रिया में गति लाने के उद्देश्य से निर्देशित किया कि 03 अप्रैल 2026 से अर्जन प्रभावित प्रत्येक ग्राम में प्रतिदिन चिह्नित स्थलों पर कैंप आयोजित किए जाएं। इन कैंपों के माध्यम से प्रभावित कृषकों से प्रतिकर प्रपत्र प्राप्त कर प्रतिकर पत्रावली तैयार की जाएगी तथा अन्य समस्त आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण की जाएंगी। इस कार्य के लिए जिलाधिकारी ने प्रत्येक गांव के लिए राजस्व निरीक्षक, लेखपाल एवं अमीन को नामित किया है।

डीएम तहसीलदार, जेवर को समस्त कैंपों का प्रभारी नियुक्त करते हुए निर्देशित किया कि वे संबंधित नायब तहसीलदार के साथ प्रतिदिन सभी ग्रामों का भ्रमण करेंगे तथा तैयार की गई पत्रावलियों पर अपने हस्ताक्षर करेंगे। साथ ही, प्रत्येक दिवस प्राप्त पत्रावलियों को समस्त औपचारिकताएं पूर्ण होने के उपरांत अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन) कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।

प्रभावित कृषकों की सुविधा के लिए 03 अप्रैल 2026 से ग्राम थोरा के प्राथमिक विद्यालय-1 थोरा, ग्राम बंकापुर के डॉ. अंबेडकर भवन बंकापुर, ग्राम नीमका शाहजहांपुर के प्राथमिक विद्यालय-1, ग्राम अहमदपुर चौरोली के पंचायत भवन, ग्राम ख्वाजपुर के प्राथमिक विद्यालय, ग्राम रामनेर के प्राथमिक विद्यालय, ग्राम किशोरपुर के प्राथमिक विद्यालय, ग्राम बनवारीबांस के प्राथमिक विद्यालय, ग्राम पारोही के डॉ. अंबेडकर भवन पारोही, ग्राम रोही के डॉ. अंबेडकर भवन रोही, ग्राम मुकीमपुर शिवारा के प्राथमिक विद्यालय, ग्राम जेवर बांगर के प्राथमिक विद्यालय साबोता जाफराबाद, ग्राम साबोता मुस्तफाबाद के पंचायत भवन तथा ग्राम दयानतपुर के सर्व हितकारी इंटर कॉलेज दयानतपुर में कैंप आयोजित कर प्रभावित कृषकों के प्रतिकर प्रपत्र प्राप्त करते हुए प्रतिकर पत्रावलियां तैयार की जाएंगी तथा अन्य समस्त औपचारिकताएं पूर्ण की जाएंगी।

डीएम मेधा रूपम ने अर्जन से प्रभावित कृषकों से अपील की कि वे दिनांक 03 अप्रैल 2026 से अपने-अपने ग्रामों में आयोजित होने वाले कैंपों में उपस्थित होकर अपनी अर्जित भूमि के प्रतिकर भुगतान से संबंधित समस्त औपचारिकताएं अनिवार्य रूप से पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि आयोजित किए जाने वाले इन कैंपों का उद्देश्य 14 ग्रामों की अर्जित एवं अधिनिर्णीत भूमि से संबंधित प्रतिकर वितरण की कार्रवाई को पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन) बच्चू सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह एवं संबंधित राजस्व विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।