ग्रेटर नोएडा में राष्ट्रीय बालिका दिवस पर सावित्रीबाई फुले सम्मान समारोह का आयोजन

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (24 जनवरी 2025): ग्रेटर नोएडा के सावित्रीबाई फुले इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर महिला उन्नति संस्था द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाज की प्रतिष्ठित विभूतियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सावित्रीबाई फुले सम्मान से अलंकृत किया गया।

कार्यक्रम में वेदिका फाउंडेशन की सचिव डॉ. सपना आर्या को बेटियों की शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही मंगलमय कॉलेज की हेड ऑफ मैनेजमेंट, डॉ. ऋचा शर्मा को रिसर्च और डेवलपमेंट के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह के दौरान स्कूल के पदाधिकारियों ने उपस्थित लोगों को “बेटी सुरक्षा संकल्प” के तहत शपथ दिलाई। बालिकाओं के लिए आयोजित निबंध लेखन, कला प्रतियोगिता और कविता लेखन जैसे रचनात्मक कार्यक्रमों में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए वेदिका फाउंडेशन द्वारा ड्रॉइंग शीट्स वितरित की गईं।

समाज में बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा का महत्व

वेदिका फाउंडेशन के अध्यक्ष विश्व प्रकाश आर्य ने इस अवसर पर कहा, “जिस दिन समाज पराई बेटियों को अपनी बेटी समझकर उनकी रक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा करने में जुट जाएगा, उस दिन से सभी बेटियां सुरक्षित हो जाएंगी। बेटियों को शिक्षित करना समाज के विकास के लिए बेहद जरूरी है।”

डॉ. सपना आर्या ने भी अपनी बात रखते हुए कहा, राष्ट्रीय बालिका दिवस समाज में लड़कियों के अधिकारों और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का एक सशक्त मंच है। इस दिन का मुख्य उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति भेदभाव को समाप्त करना और उन्हें समान अवसर प्रदान करना है।

कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य प्रीति फोगाट, राष्ट्रीय महासचिव अनिल भाटी, राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राहुल वर्मा, गौतम बुद्ध नगर की साइंस कोऑर्डिनेटर श्रीमती अर्चना शिरोमणि सहित लगभग 500 छात्राओं ने भाग लिया। इस आयोजन ने न केवल बालिकाओं के सशक्तिकरण का संदेश दिया बल्कि समाज को बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का भी कार्य किया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।