जेवर एयरपोर्ट की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन पर मंथन

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (18/03/2026): नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा की सुरक्षा, आपातकालीन तैयारियों और पर्यावरणीय मानकों को लेकर मंगलवार को अहम बैठक आयोजित की गई। एयरपोर्ट इमरजेंसी प्लानिंग कमेटी (AEPC) और एयरपोर्ट पर्यावरण प्रबंधन समिति (AEMC) की संयुक्त बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) के प्रशासनिक कार्यालय में संपन्न हुई।

बैठक के दौरान हवाई अड्डे पर आपदा प्रबंधन तंत्र, विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच त्वरित और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

समीक्षा बैठक में अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य सेवाएं, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), यमुना विकास प्राधिकरण और अन्य संबद्ध एजेंसियों की तैयारियों का आकलन किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आपातकालीन हालात में प्रतिक्रिया समय को न्यूनतम रखने के लिए पूर्वाभ्यास और प्रशिक्षण को और सुदृढ़ किया जाए।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने समिति को अब तक की प्रगति और सुरक्षा प्रोटोकॉल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह तंत्र नागरिक उड्डयन मंत्रालय की आपदा प्रबंधन योजना-2016 और डीजीसीए के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य कर रहा है, जिसका उद्देश्य सुरक्षा मानकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक बनाए रखना है।

बैठक में अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) के मानकों, विशेष रूप से अनुलग्नक-14, डीजीसीए के सिविल एविएशन रिक्वायरमेंट्स (CAR) और मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत लागू व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। हवाई अड्डे की मौजूदा आपातकालीन व्यवस्था का व्यापक मूल्यांकन करते हुए उसे और सशक्त बनाने के उपाय सुझाए गए।

जिलाधिकारी ने पूर्व में आयोजित मॉक ड्रिल और आपदा अभ्यासों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि जिला स्तर के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी नियमित प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि वास्तविक परिस्थितियों में बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया कि एयरपोर्ट के नो-फ्लाइंग जोन में किसी भी प्रकार के ड्रोन संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया जाए। इसके अलावा, एयरपोर्ट परिसर से 18 किलोमीटर की परिधि में लेजर लाइट के उपयोग को भी सख्ती से प्रतिबंधित करने के आदेश दिए गए, ताकि विमान संचालन में किसी प्रकार की बाधा या खतरा उत्पन्न न हो।

पर्यावरणीय पहलुओं पर भी विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने यमुना विकास प्राधिकरण और नगर पालिका जेवर के अधिकारियों को निर्देश दिया कि एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नियमों का पालन हवाई अड्डे की समग्र सुरक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा है।

इस बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र कुमार भाटिया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका, एसीपी सार्थक सेंगर सहित पुलिस, अग्निशमन, आपदा राहत बल, स्वास्थ्य विभाग और एयरपोर्ट प्रबंधन से जुड़े विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।