दिल्ली को 33,500 करोड़ की सौगात, पीएम मोदी ने मेट्रो कॉरिडोरों का किया उद्घाटन और शिलान्यास

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (08 March 2026): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने रविवार को दिल्ली के बुराड़ी स्थित डीडीए ग्राउंड में 33,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली मेट्रो के पिंक लाइन और मैजेंटा लाइन के नए कॉरिडोर की शुरुआत करने के साथ ही तीन नए मेट्रो कॉरिडोर का भी शिलान्यास किया। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर (Manohar Lal Khattar) और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर दिल्ली भाजपा की 42 महिला मंडल अध्यक्षों ने प्रधानमंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।

प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज दिल्ली में विकास को नई गति देने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि 33,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के माध्यम से मेट्रो विस्तार से लेकर हजारों सरकारी कर्मचारियों के लिए आवास तक कई महत्वपूर्ण योजनाओं को आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों ने एक वर्ष पहले नई उम्मीद और संकल्प के साथ भाजपा की सरकार बनाई थी और उसका परिणाम आज राजधानी में तेजी से हो रहे विकास के रूप में दिखाई दे रहा है।

प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज भारत महिला सशक्तिकरण की नई गाथा लिख रहा है। उन्होंने कहा कि राजनीति, प्रशासन, खेल, विज्ञान और समाज सेवा सहित हर क्षेत्र में भारतीय नारी शक्ति नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने देशभर की महिलाओं को महिला दिवस की बधाई देते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सराहा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया में जब भी भारत जैसे विशाल लोकतंत्र की चर्चा होती है तो दिल्ली की छवि सामने आती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली केवल भारत की राजधानी ही नहीं, बल्कि देश की पहचान और ऊर्जा का प्रतीक भी है। इसलिए राजधानी का विकास पूरे देश की छवि से जुड़ा हुआ है।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय था जब दिल्ली की परिवहन व्यवस्था को लेकर अक्सर आलोचना होती थी और लोगों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने में घंटों लग जाते थे। महिलाओं को बस या ऑटो का इंतजार करते हुए लंबे समय तक बस स्टॉप पर खड़ा रहना पड़ता था। लेकिन अब दिल्ली तेजी से बदल रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में नमो भारत ट्रेन के माध्यम से दिल्ली को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से जोड़ा गया है, जिससे यात्रा काफी आसान हुई है। इसके साथ ही मेट्रो फेज-4 के विस्तार से दिल्ली मेट्रो नेटवर्क 375 किलोमीटर से अधिक हो गया है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि आज शुरू हुए नए मेट्रो सेक्शन से राजधानी के लाखों लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लोगों के लिए रोज का सफर पहले से काफी आसान हो जाएगा। इससे गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम जैसे एनसीआर शहरों से दिल्ली के विभिन्न हिस्सों तक आवागमन भी आसान होगा।

प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले वर्षों में विकास कार्यों को रोक दिया गया था और कई परियोजनाएं फाइलों में ही अटकी रह गई थीं। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली में बहानों की राजनीति समाप्त हो रही है और विकास का नया मॉडल लागू किया जा रहा है, जिसमें योजनाएं तेजी से जमीन पर उतर रही हैं।

महिला सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने देश की तीन करोड़ महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाने का संकल्प लिया था और अब यह लक्ष्य पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि देश में तीन करोड़ से अधिक महिलाएं इस पहल के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनी हैं।

प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल की सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि हाल ही में वहां देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम का बहिष्कार कर उनका अपमान किया गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति संथाल आदिवासी परंपरा के एक महत्वपूर्ण उत्सव में शामिल होने के लिए बंगाल गई थीं, लेकिन राज्य सरकार के रवैये से लोकतांत्रिक परंपराओं और संविधान की मर्यादा को ठेस पहुंची है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री का दिल्ली आना राजधानी की महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने बताया कि 18,000 करोड़ रुपये से अधिक की मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है, जिससे करावल नगर, भजनपुरा सहित कई क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मेट्रो महिलाओं के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का प्रमुख साधन बन चुकी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण योजनाओं को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना को लागू करने, कूड़े के पहाड़ हटाने और शहर की सफाई को बेहतर बनाने के लिए बड़े कदम उठाए गए हैं। इसके साथ ही ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र से प्रेरित होकर 70 अटल कैंटीन शुरू की गई हैं, जहां प्रतिदिन करीब 70 हजार लोगों को मात्र पांच रुपये में भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि दिल्ली के लिए 50 वर्षों बाद नया मास्टर ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। इसके अलावा ‘मेरा पूंजी मेरा अधिकार’ अभियान के तहत 70 हजार बेटियों को लाडली योजना के अंतर्गत लगभग 200 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की पारदर्शिता की प्रेरणा से सभी विभागों में डिजिटाइजेशन को बढ़ावा दिया गया है और स्कूलों में 70 हजार स्मार्ट क्लासरूम स्थापित किए गए हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ने पिंक लाइन पर 12.3 किलोमीटर लंबे मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर कॉरिडोर और मैजेंटा लाइन पर लगभग 9.9 किलोमीटर लंबे नए कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इन कॉरिडोर के शुरू होने से बुराड़ी, जगतपुर, वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर, बादली और मजलिस पार्क जैसे क्षेत्रों में मेट्रो कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने मेट्रो फेज-5 के तहत तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी किया, जिनमें आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ, एयरोसिटी से आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-1 और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज कॉरिडोर शामिल हैं। इनकी कुल लंबाई लगभग 16.10 किलोमीटर होगी और इनके बनने से फरीदाबाद, नोएडा और दक्षिणी दिल्ली से एयरपोर्ट तक पहुंचना अधिक आसान हो जाएगा।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि यह दिल्लीवासियों के लिए महत्वपूर्ण दिन है क्योंकि प्रधानमंत्री कई बड़ी परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरोजिनी नगर में लगभग ढाई हजार फ्लैटों का उद्घाटन किया गया है और जिन आवासीय परिसरों का शिलान्यास हुआ है उनसे लगभग नौ हजार सरकारी कर्मचारियों को आवास उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2002 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने दिल्ली मेट्रो की शुरुआत की थी। वर्ष 2014 तक देश में केवल पांच शहरों में लगभग 245 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह तेजी से बढ़कर 1100 किलोमीटर से अधिक हो गया है और भारत अब अमेरिका और चीन के बाद दुनिया में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।

खट्टर ने बताया कि दिल्ली मेट्रो आज राजधानी की जीवन रेखा बन चुकी है। इससे यात्रा का समय कम हुआ है, प्रदूषण में कमी आई है और महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अलग कोच की सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि मेट्रो स्टेशनों के आसपास 500 मीटर के दायरे में आवास विकसित करने और लास्ट माइल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है, जिससे एनसीआर क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को और गति मिलेगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।